March 6, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

रेत माफिया संरक्षण के आरोप पर भाजपा का पलटवार, तूलिका कर्मा के बयान को बताया निराधार

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  दंतेवाड़ा | भाजपा जिला महामंत्री एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कांग्रेस नेत्री एवं जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा द्वारा भाजपा सरकार पर लगाए गए रेत माफिया को संरक्षण देने के आरोपों को द्वेषपूर्ण और निराधार करार दिया है। उन्होंने कहा कि तूलिका कर्मा जिस मुक्तिधाम निर्माण कार्य को लेकर सरकार पर सवाल उठा रही हैं, वह ठेका उनके करीबी ठेकेदार को मिला था, लेकिन गुणवत्ता विहीन कार्य के कारण प्रशासन ने उसे निरस्त कर दिया। अब जब उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य किया जा रहा है, तो कांग्रेस नेत्री को यह हजम नहीं हो रहा है।

भाजपा का बड़ा आरोप – निजी स्वार्थ के लिए आरोप लगा रहीं तूलिका कर्मा

धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिस ठेकेदार का ठेका निरस्त हुआ, वह तूलिका कर्मा के करीबी थे, और जब उन्हें निजी लाभ नहीं मिला, तो वे भाजपा सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने लगीं। उन्होंने दावा किया कि रेत के अवैध उत्खनन का सबसे अधिक खेल कांग्रेस सरकार के दौरान हुआ था।

भाजपा नेता ने बताया कि वर्तमान में ठेकेदारों को वैध तरीके से रेत उपयोग करने के लिए नियमानुसार भुगतान प्रक्रिया के तहत पिटपास लेना अनिवार्य है। इतना ही नहीं, ठेकेदारों को उसकी तीन गुना राशि अग्रिम जमा करनी पड़ती है, जिससे अवैध उत्खनन की कोई संभावना नहीं रहती।

कांग्रेस शासनकाल में हुए गुणवत्ताहीन कार्यों की जांच होनी चाहिए – भाजपा

भाजपा नेता ने कांग्रेस शासनकाल पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय गुणवत्ता विहीन कार्यों की भरमार थी, जहां कई जगहों पर सिर्फ कागजी कार्रवाई कर भुगतान कर दिया गया। इन मामलों में तूलिका कर्मा के करीबी ठेकेदारों की संदिग्ध संलिप्तता रही है।

उन्होंने मांग की कि कांग्रेस शासन के दौरान हुए इन सभी निर्माण कार्यों की जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सरकारी धन का कितना दुरुपयोग किया गया और किन नेताओं के इशारे पर यह खेल खेला गया।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार में किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह राजनीति से प्रेरित हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.