“माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि महोत्सव की धूम, भव्य तैयारियाँ शुरू”
1 min readत्रिनेत्र टाइम्स ****/ कोरबा। जीवनदायिनी हसदेव नदी के पावन तट पर स्थित माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर, दुरपा में चैत्र नवरात्रि की तैयारियाँ पूरे जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस वर्ष नवरात्रि 30 मार्च से प्रारंभ होकर 06 अप्रैल तक चलेगी, जिसके दौरान सर्वमनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाने का कार्य जारी है, जहाँ रंग-रोगन, विद्युत सज्जा और अन्य धार्मिक तैयारियाँ की जा रही हैं।
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में विशेष अनुष्ठान
मंदिर प्रबंधन एवं व्यवस्थापक नन्हा पांडेय (नमन महाराज) ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान विविध धार्मिक आयोजन किए जाएंगे, जिनमें मुख्यतः –
- सर्वमनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलन (तेल्य ज्योति कलश – ₹701/- एवं घृत ज्योति कलश – ₹2100/-)
- सतचंडी महायज्ञ
- यज्ञोपवित संस्कार
- जसगीत गायन, कीर्तन एवं भजन संध्या
- माँ की मंगल आरती प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे एवं संध्या 7:00 बजे
- प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे माँ का भोग प्रसाद
- रात्रि 11:00 बजे माँ सर्वमंगला देवी का भव्य श्रृंगार दर्शन
- संपूर्ण नवरात्रि अखंड भजन-कीर्तन एवं जसगीत
- सुबह-शाम विशाल भंडारे का आयोजन
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सूचना
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में सर्वमनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलन हेतु रसीद कटना प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक श्रद्धालु मंदिर परिसर दुरपा कोरबा एवं अन्य निर्धारित केंद्रों पर संपर्क कर ज्योति कलश हेतु राशि जमा कर सकते हैं।
शहरभर में उपलब्ध होंगे ज्योति कलश की रसीदें
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोरबा, दर्री, बालको, उरगा, छुरीकला, घुड़देवा, जमनीपाली, मुड़ापार एवं अन्य स्थानों पर ज्योति कलश की रसीदें उपलब्ध कराई गई हैं। श्रद्धालु अविनाश स्टेशनरी, जय माँ दक्षिणेश्वरी डेली नीड्स, महामाया बुक डिपो, गणेश ऑटो पाट्र्स, गायत्री मेडिको सहित विभिन्न दुकानों पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
06 अप्रैल को विशेष आयोजन
06 अप्रैल (रामनवमी) को नवरात्रि का समापन विभिन्न धार्मिक क्रियाकलापों के साथ होगा, जिसमें –
- जवारा कलश विसर्जन
- पूर्णाहुति एवं सहस्त्रधारा अनुष्ठान
- कपिलातर्पण एवं सजीयादान
- संपूर्ण नवरात्रि में अर्पित सर्वमनोकामना ज्योति कलश का हवन
व्यापारियों को आमंत्रण
जो भी व्यापारी मंदिर परिसर के पास दुकान लगाने के इच्छुक हैं, वे मंदिर प्रशासन से संपर्क कर अनुमति प्राप्त कर सकते हैं।
“चैत्र नवरात्रि में माँ सर्वमंगला के आशीर्वाद से करें अपने जीवन को धन्य”
समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से माँ सर्वमंगला देवी के पावन चरणों में नतमस्तक होकर मनोकामनाएँ पूर्ण करने हेतु इस महाअवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है। नवरात्रि के दौरान तन-मन-धन से सेवा कर इस पुण्य महायज्ञ को सफल बनाने का अनुरोध किया गया है।

