July 24, 2025

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बालको में विश्व महिला दिवस – सशक्त महिलाओं का सम्मान, पद्मश्री शमशाद बेगम बनीं प्रेरणास्त्रोत”

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  बालकोनगर, 10 मार्च 2025: वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व महिला दिवस के अवसर पर टाउनहॉल कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं के योगदान को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और बालको की 83 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

सशक्त महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियां

इस कार्यक्रम में 400 से अधिक महिला कर्मचारी एकत्रित हुईं और महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए चर्चा की गई। इस अवसर पर बालको परिवार की 12 सफल महिलाओं की प्रेरणादायक यात्रा पर आधारित विशेष पत्रिका “अनस्टॉपेबल” का शुभारंभ किया गया। साथ ही, महिला कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से फिट की गई वर्दी (ड्रेस) को भी लॉन्च किया गया।

इस वर्ष, बालको प्रबंधन ने 23 चयनित महिला नेतृत्वकर्ताओं को एक दिन के लिए प्रबंधन के शीर्ष पदों पर सहायक के रूप में कार्य करने का अवसर प्रदान किया। इन महिलाओं को मुख्य कार्यकारी अधिकारी से लेकर अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्य करने का अनुभव मिला, जिससे उन्हें नेतृत्व कौशल विकसित करने में सहायता मिली।

संस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रेरणादायक संबोधन

कार्यक्रम के दौरान शाम के समय एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने डांस, गाने और रैंप वॉक में भाग लिया।

बालको के सीईओ एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने इस अवसर पर कहा,
“पद्मश्री शमशाद बेगम का स्वागत करते हुए पूरा बालको परिवार गर्व महसूस कर रहा है। आपने छत्तीसगढ़ में समुदाय की शिक्षा और उत्थान के लिए जो कार्य किया है, वह प्रेरणादायक है। यह टाउनहॉल उन सभी महिलाओं का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया गया है, जो कंधे से कंधा मिलाकर बालको और देश की प्रगति में योगदान दे रही हैं।”

मुख्य अतिथि पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा,
“महिलाओं को समान अवसर मिलें तो वे अपनी क्षमताओं का पूरा उपयोग कर सकती हैं। बालको में महिलाओं का योगदान सराहनीय है और महिला विकास से ही देश की प्रगति को गति मिलेगी।” उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक लोकगीत भी प्रस्तुत किया, जिसकी धुन पर पूरा टाउनहॉल गुनगुनाने लगा।

महिला कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधाएं

बालको प्रबंधन ने महिला कर्मचारियों के कार्य वातावरण को अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न परियोजनाएं संचालित की हैं, जिनमें शामिल हैं:
क्रेच सुविधा: 0-7 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष शिशुसदन, जहां कार्यवाहक बच्चों की देखभाल करते हैं।
छह महीने का मातृत्व अवकाश: महिला कर्मचारियों को वैतनिक मातृत्व अवकाश प्रदान किया जाता है।
नर्सिंग ब्रेक: मातृत्व अवकाश से लौटने वाली माताओं को बच्चे के छह वर्ष के होने तक 80 मिनट का नर्सिंग ब्रेक मिलता है।
‘वन डे वर्क फ्रॉम होम’ नीति: महिलाओं को माहवारी के दौरान एक दिन घर से कार्य करने का अवसर मिलता है।
महिला कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य: 2030 तक बालको में महिला कर्मचारियों की संख्या 30% करने का संकल्प
महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम: बालको में ब्रेस्ट कैंसर जांच एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाता है।

इस आयोजन ने बालको में महिलाओं की भूमिका को और भी मजबूत किया, जिससे सशक्त महिलाओं का भविष्य उज्जवल और प्रेरणादायक बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.