February 6, 2025

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कलेक्टर भीम सिंह ने किया लूकापारा गोठान का निरीक्षण

1 min read

किसानों के बीच वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय बढ़ाने के निर्देश

रायगढ़,/ कलेक्टर भीम सिंह ने लूकापारा गोठान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोबर खरीदी से लेकर वर्मी कंपोस्ट बनाने की संपूर्ण जानकारी गोठान समिति से ली। कलेक्टर श्री सिंह ने ज्यादा से ज्यादा किसानों को वर्मी कंपोस्ट बेचने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले गोठान परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोठान की भूमि को कुछ जगहों से समतल करने के निर्देश दिए। इसके बाद वर्मी कंपोस्ट पिट को कलेक्टर श्री सिंह ने देखा। गोठान समिति के सदस्य और सरपंच से गोबर खरीदी और वर्मी कंपोस्ट बनने की स्थिति की जानकारी ली। सरपंच श्री देवानंद सामल ने बताया कि अब तक 1406 क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है और 90 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट बनाया गया है, इसमें से 54 क्विंटल अपेक्स बैंक के माध्यम से 119 किसानों को वर्मी कंपोस्ट बेचा गया है। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने गोबर क्रय, वर्मी कंपोस्ट विक्रय एवं अन्य रजिस्टर पंजी की जांच की। जांच के दौरान गांव के एक किसान द्वारा अधिक मात्रा में गोबर बेचने की बातें सामने आई, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने वेटनरी के कर्मचारियों को किसान के घर जाकर मवेशियों की संख्या आदि की जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह ने गोठान द्वारा निकाले गए वर्मी कंपोस्ट को भी देखा। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट के लिए गोबर डालने और वर्मी कंपोस्ट बनने तक की स्थिति की जानकारी ली। गोठान समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट अभी गर्मी होने के कारण 12 से 15 दिन में तैयार हो जा रहा है। इसे तीन से चार लेयर में निकाला जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी एवं गोठान समिति के सदस्य और अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।

हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में मिलेगी डिलवरी की सुविधा

कलेक्टर श्री भीम सिंह व जिला पंचायत सीईओ सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने लूकापारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भी निरीक्षण का किया। इस दौरान बीएमओ एवं आर.एच.ओ ने सेंटर में मिलने वाली इलाज एवं जांच सुविधा की जानकारी दी। कलेक्टर श्री भीम सिंह से सरपंच देवानंद सामल ने डिलीवरी कराने स्टाफ की मांग की। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने स्टॉफ देने की बात कही। इस दौरान बीएमओ ने बताया कि पंचायत फण्ड से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में एक वार्ड और एक स्टोर रूम का निर्माण कराया गया है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने सरपंच और बीएमओ के कार्यों की प्रशंसा की। कलेक्टर श्री सिंह ने पीएचसी में प्रसव की जानकारी ली। बीएमओ ने सभी पीएचसी में 10 से ज्यादा प्रसव कराने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की बात कही। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने बीएमओ के कार्य की प्रशंसा करते हुए ऐसे ही कार्य करने की बात कही।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.