August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बस्तर सांसद महेश कश्यप के प्रयासों को मिली सफलता, जगदलपुर-सुकमा मार्ग होगा फोरलेन, महाराणा प्रताप चौक पर बनेगा फ्लाईओवर

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/   जगदलपुर/दंतेवाड़ा। बस्तर क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा हुई है। बस्तर सांसद महेश कश्यप के निरंतर प्रयासों के चलते जगदलपुर से सुकमा तक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 को फोरलेन में बदला जाएगा तथा जगदलपुर शहर के महाराणा प्रताप चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद कश्यप को पत्र लिखकर जानकारी दी है।

 

सांसद महेश कश्यप ने 20 दिसंबर 2024 को केंद्रीय मंत्री को पत्र भेजकर जगदलपुर की ट्रैफिक व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-30 के अंतर्गत जगदलपुर से सुकमा मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित करने और महाराणा प्रताप चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग की थी। इसके जवाब में 24 जून 2025 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र भेजकर इन प्रस्तावों को वर्ष 2024-25 की वार्षिक योजना में डी.पी.आर. (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) निर्माण हेतु स्वीकृत करने की जानकारी दी।

पत्र के अनुसार, रायपुर-जगदलपुर मार्ग के कि.मी. 81.500 से 298.000 तक यानी 216.500 किमी और जगदलपुर-सुकमा कांटा मार्ग के कि.मी. 14.200 से 184.800 यानी 170.600 किमी सड़क को चार लेन मय पेव्ड शोल्डर के साथ विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। डीपीआर की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है और निर्धारित परामर्शदाता द्वारा सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

गडकरी ने यह भी स्पष्ट किया कि महाराणा प्रताप चौक की वर्तमान यातायात परिस्थितियों को देखते हुए फ्लाईओवर की आवश्यकता को गंभीरता से लिया गया है और डीपीआर के आधार पर उचित एलाइनमेंट तय कर कार्य को शीघ्र स्वीकृति दी जाएगी।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि, “यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि बस्तर के विकास की नई दिशा है। महाराणा प्रताप चौक पर फ्लाईओवर बनने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी। साथ ही जगदलपुर-सुकमा फोरलेन सड़क बस्तर और सुकमा के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करेगी।”

यह परियोजना न केवल बस्तर की यातायात समस्याओं को हल करेगी बल्कि क्षेत्र में निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति देगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.