March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा कलेक्टर की सख्ती: आयुष्मान फर्जीवाड़े पर निगरानी, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

कोरबा, 20 जुलाई 2025।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का विस्तृत आकलन करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आयुष्मान भारत योजना में किसी भी प्रकार के फर्जी क्लेम को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सीएमएचओ और विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) को निजी अस्पतालों के क्लेम पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, कर्मचारियों को चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबन की कार्रवाई होगी।

टीबी, कुष्ठ और डेंगू-मलेरिया पर विशेष अभियान के निर्देश
बरसात के मौसम में मच्छरजनित रोगों की बढ़ती आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने नगर निगम के साथ समन्वय कर डेंगू व मलेरिया नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी और कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों को चिन्हित कर उनकी जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही सिकल सेल के मरीजों का इलेक्ट्रोफोरेसिस जांच कर दिव्यांग कार्ड जारी करने के भी निर्देश दिए।

प्रसव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
कलेक्टर ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रसव कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जहां 20 से अधिक प्रसव होते हैं, वहां संसाधनों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। अनावश्यक रेफर करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने को कहा गया। रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो स्त्री रोग विशेषज्ञ के बावजूद महिलाओं के उपचार में कमी पर नाराजगी जाहिर करते हुए सुधार के निर्देश दिए।

102 एंबुलेंस में ईएमटी की नियुक्ति के निर्देश
कलेक्टर ने 102 एंबुलेंस सेवाओं में ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की नियुक्ति के लिए डीएमएफ फंड का उपयोग करने का सुझाव दिया ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर सेवाएं दी जा सकें। एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) की समीक्षा में उन्होंने 100% बेड ऑक्युपेंसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपकरण खरीद में गुणवत्ता का ध्यान
कलेक्टर ने जेम पोर्टल के माध्यम से उपकरणों की खरीदी में गुणवत्ता और प्रचलित दरों का पालन करने को भी कहा। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।

उपस्थित अधिकारी
समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीबी एवं कुष्ठ अधिकारी, टीकाकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सभी नोडल अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.