बस्तर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, सांसद महेश कश्यप ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई”




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल दंतेवाड़ा।****/ बस्तर सांसद महेश कश्यप अपने एक दिवसीय प्रवास पर माँ दंतेश्वरी की पावन धरा दंतेवाड़ा पहुंचे। नगर आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। सांसद कश्यप ने जिला पंचायत शपथ ग्रहण समारोह, डीएमएफ और दिशा समिति की बैठक में भाग लिया। उन्होंने बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद सांसद महेश कश्यप ने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सोच-समझकर वादे करती है और उन्हें शत-प्रतिशत पूरा भी करती है। यह जीत हमारे शीर्ष नेतृत्व और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा, “भाजपा के प्रति जनता का अपार समर्थन हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है, और हम इस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। जनता की सेवा के लिए हम दिन-रात काम करेंगे।”
“भाजपा ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का प्रभाव खत्म कर दिया”
सांसद कश्यप ने कहा कि पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराने का संकल्प कार्यकर्ताओं की मेहनत से पूरा हुआ। उन्होंने कहा, “हमने एक बड़ा लक्ष्य रखा था कि भाजपा को हर स्तर पर मजबूत बनाना है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से यह संभव हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा की है, इसके लिए मैं हाथ जोड़कर सभी का अभिनंदन करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी, जिसे जनता ने महसूस किया और समर्थन दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को जिस प्रकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने घर-घर तक पहुंचाया, उसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पूरी तरह पराजित हो गई।
महेश कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस का प्रभाव क्षेत्र माना जाता था, लेकिन भाजपा ने वह प्रभाव पूरी तरह खत्म कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की यह विराट जीत पूरे देश में बड़ी जीतों में से एक है और अब सरकार की नीतियों को हर घर तक पहुंचाने के लिए और अधिक मेहनत की जाएगी।
“जनता ने मोदी सरकार और विष्णुदेव साय सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है, अब हमें इस विश्वास को और मजबूत करना है। भाजपा केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं बल्कि जनता की भलाई के लिए काम करती है, और यह जीत इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।” – सांसद महेश कश्यप



