कोरबा वार्ड 15 में राशन वितरण विवाद: दोहरे समय में दुकान खोलने का आदेश मांग
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा: वार्ड 15 में स्थित राशन दुकान के संचालक पर आरोप है कि वह केवल 3 बजे से 6 बजे तक ही दुकान खोलते हैं, जिससे खाद्य सामग्री वितरण में भारी व्यवधान आ रहा है। स्थानीय वार्डवासियों का कहना है कि इस व्यवस्था के कारण उन्हें असुविधा हो रही है और कार्डधारकों को खाद्य सामग्री प्राप्त करने में समस्या उत्पन्न हो रही है।
वार्डवासियों ने कलेक्टर से जनदर्शन में निवेदन किया कि सोसायटी संचालक को दोनों निर्धारित समय – दोपहर और शाम – में दुकान खोलने का आदेश जारी किया जाए। उनका आरोप है कि यदि कोई कार्डधारी दोपहर 3:30 बजे या उसके बाद दुकान पहुंचता है, तो उसे कार्ड जमा करने से मना कर दिया जाता है। इससे खाद्य सामग्री लेने के लिए अत्यधिक भीड़ हो जाती है, जिसके कारण आवश्यक सामान समय पर उपलब्ध नहीं हो पाता। कई बार इस वजह से लोगों को दो-दो दिन काम से छुट्टी लेनी पड़ती है और उनकी रोजी-रोटी पर भी असर पड़ता है, जबकि कुछ कार्डधारकों को खाद्य सामग्री से वंचित भी रहना पड़ता है।
कलेक्टर ने इस आवेदन को जनदर्शन में उपस्थित खाद्य अधिकारी को तुरंत अग्रेषित करते हुए निर्देश दिए कि ऐसी कोई शिकायत भविष्य में न हो। आदेश में व्यवस्था दुरुस्त कर दोनों निर्धारित समय में दुकान के खुलने को सुनिश्चित करने का भी निर्देश शामिल है, ताकि कार्डधारकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







