May 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नवभारत ऊर्जा कप: पुलिस इलेवन ने दिखाया दम, बनी चैंपियन

  त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा, 08 मार्च 2025****/ – डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम परिसर के मैदान में आयोजित नवभारत ऊर्जा कप वुमेन प्रीमियर लीग टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले और समापन समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री साहू ने कहा कि नवभारत परिवार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उन्होंने नवभारत समाचार पत्र की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल ज्वलंत मुद्दों को उजागर करता है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी आगे बढ़ाता है। विशेष रूप से, महिला सशक्तिकरण की दिशा में नवभारत का यह प्रयास महत्वपूर्ण है।

उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा,
“खेल जीवन का अहम हिस्सा है। यह न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि सहयोग और सामंजस्य की भावना को भी बढ़ावा देता है। गीता में भी कहा गया है – कर्म करो, फल की चिंता मत करो। खेल का मैदान भी हमें यही सिखाता है कि हमें अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए, न कि परिणाम पर। जो खेलते हैं, वही जीतते हैं। मैदान में उतरना ही बड़ी बात होती है।”

 

पुलिस इलेवन बनी चैंपियन
फाइनल मुकाबला पुलिस इलेवन बनाम बीके वेलफेयर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पुलिस इलेवन की कप्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया और बीके वेलफेयर को बल्लेबाजी का न्योता दिया। बीके वेलफेयर ने 3 विकेट के नुकसान पर 90 रन का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में पुलिस इलेवन ने शानदार खेल दिखाते हुए यह मुकाबला जीत लिया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बीके वेलफेयर को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।

सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर संजूदेवी राजपूत भी उपस्थित रहीं। केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू ने प्रतियोगिता के विजेताओं, उपविजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस दौरान नवभारत कोरबा से नौशाद खान, अनिमेश सरकार, शेख असलम, रघुनंदन सोनी, नवाब हुसैन, देवनारायण पांडेय, राजेश प्रजापति, अली अंसारी, संदीप केशरवानी, शंकर दिव्य, निलेश देवांगन, बलराम साहू सहित कई गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

नवभारत की खेलों को बढ़ावा देने की पहल को सराहा गया
नवभारत न केवल क्रिकेट बल्कि हॉकी, फुटबॉल सहित अन्य खेलों को भी बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। केंद्रीय मंत्री श्री साहू ने नवभारत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.