March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बालको में ट्रांसजेंडर कर्मचारियों ने कार्यस्थल और बीपीएल में किया शानदार प्रदर्शन

विविधता और समावेशिता को बढ़ावा देने वाली बालको प्रीमियर लीग का सफल आयोजन

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा  बालकोनगर, । बालको प्रबंधन द्वारा आयोजित बालको प्रीमियर लीग (बीपीएल) का समापन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार की उपस्थिति में धूमधाम से हुआ। लैंगिक विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में 145 से अधिक विविधता-समावेशी टीमों ने भाग लिया। यह 60 दिनों तक चलने वाला क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल खेल बल्कि समानता और समावेशिता के उत्सव के रूप में उभरा, जिसमें महिला, पुरुष, ट्रांसजेंडर कर्मचारी और व्यावसायिक भागीदारों ने भाग लिया।

बालको ने कार्यस्थल के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी समान अवसर प्रदान कर ट्रांसजेंडर कर्मचारियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया। इस पहल के तहत संवेदीकरण कार्यशालाओं और प्रशिक्षण के माध्यम से एक समावेशी कार्यस्थल विकसित किया गया। कंपनी ने अपने बुनियादी ढांचे को ‘जेंडर-न्यूट्रल’ बनाया, जिससे सभी कर्मचारियों को समानता का अनुभव हो।

ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के लिए विशेष योजनाएं

बालको ने ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के कल्याण के लिए कई लाभकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनमें शामिल हैं:

लिंग परिवर्तन/पुनःनिर्धारण सर्जरी के लिए ₹2 लाख तक की एकमुश्त अनुदान राशि।
30 दिनों का विशेष अवकाश और इस अवधि में देखभाल का प्रावधान।
उच्च शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता नीति, जिससे वे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकें।

इस नीति के तहत अब तक 5 ट्रांसजेंडर कर्मचारियों को लाभ मिल चुका है।

खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन और शानदार आयोजन

बीपीएल में सभी टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने विजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा,
“इस बार बीपीएल में लैंगिक विविधता का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। इस टूर्नामेंट ने टीम भावना, एकजुटता और पारस्परिक सौहार्द को बढ़ावा देने का काम किया है।”

बीपीएल छठवें संस्करण में:
🏆 विजेता: हॉस्पिटल स्टार और पॉटरूम पाइरेट्स।
🥈 उपविजेता: शक्ति टाउनशिप और स्ट्राइकिंग इंगल।

टूर्नामेंट में 2200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। सीनियर लीडरशिप के बीच हुए सीईओ-11 बनाम सीएफओ-11 और सीनियर मैनेजमेंट बनाम यूनियन के सद्भावना मैचों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

ट्रांसजेंडर खिलाड़ी गीतू यादव ने साझा किया अनुभव

बालको में कार्यरत ट्रांसजेंडर खिलाड़ी गीतू यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा:
“बीपीएल में खेलना मेरे लिए रोमांचकारी और यादगार अनुभव रहा। इस दौरान मैंने टीम वर्क, रणनीति और खेल भावना को करीब से जाना। इस मंच ने मुझे अपने कौशल को निखारने और समाज में अपनी जगह बनाने का अवसर दिया।”

बालको की यह पहल न केवल कार्यस्थल पर समावेशिता को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि खेल के माध्यम से लैंगिक समानता को भी बढ़ावा दे रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.