नगर निगम कोरबा में नवचयनित जनप्रतिनिधियों ने ली शपथ, विकास और स्वच्छता का लिया संकल्प




शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए महापौर व पार्षदों की प्रतिबद्धता
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा – महापौर संजू देवी राजपूत
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में दिखे आकर्षक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा, 03 मार्च 2025। कोरबा नगर के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में नगर निगम के नवचयनित महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं पार्षदगणों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने महापौर व पार्षदों को सत्य निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, निगमायुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री मनोज बंजारे सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, संतोष देवांगन, टिकेश्वर राठिया, गोपाल मोदी, पवन गर्ग, डॉ. राजीव सिंह, संदीप सहगल, मीडिया प्रभारी मनोज मिश्रा, पवन सिन्हा, रामनारायण सोनी, आरिफ खान, मंडल अध्यक्ष कोरबा योगेश मिश्रा, राजेश राठौर, दिलरेंद्र यादव, ईश्वर साहू, मनीष मिश्रा, पंकज सोनी, अनिरुद्ध चंद्र, सरजू अजय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता व नगरवासी उपस्थित थे।
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में दिखे आकर्षक
समारोह के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा पारंपरिक भारतीय वेशभूषा (कुर्ता-पायजामा एवं जैकेट) में नजर आए, जो उनकी सांस्कृतिक और परंपराओं के प्रति निष्ठा को दर्शाता है। उनके इस पारंपरिक परिधान ने समारोह में एक अलग आकर्षण जोड़ा और उनकी वेशभूषा को लेकर उपस्थित लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

सुश्री सरोज पाण्डेय ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए जनहित में कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “आज सभी जनप्रतिनिधियों ने संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए शपथ ली है। अब उनकी ज़िम्मेदारी बनती है कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। आमजन ने प्रदेश के मुखिया श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर भरोसा जताया है। महापौर और पार्षदों की यह टीम शहर को साफ-सुथरा और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी।”

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम के महापौर के रूप में उनके सभी कार्य जनता के हित में होंगे और नगर के संपूर्ण विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

यह शपथ ग्रहण समारोह नगर विकास की नई दिशा देने के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति रही।



