विधायक के विरोध में निष्कासित कांग्रेस नेताओं का हंगामा, पुतला दहन कर लगाए नारे




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****/ रतनपुर: नगरीय निकाय चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज एवं पार्टी से निष्कासित कांग्रेस नेताओं ने अपनी हार के बाद सोमवार को महामाया चौक में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक का पुतला दहन कर “अटल की दादागिरी नहीं चलेगी” और “कोटा बचाओ, विधायक हटाओ” जैसे नारे लगाए गए।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस से निष्कासित हुए पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सूर्या ने किया। उनके साथ 10-15 समर्थक मौजूद थे, जिनमें पार्टी से बाहर किए गए अन्य नेता भी शामिल थे।
हार से बौखलाए निर्दलीयों ने किया विरोध
कांग्रेस प्रत्याशी शीतल जायसवाल ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “रतनपुर की राजनीति कुछ गद्दारों की वजह से पीछे रह गई है। रमेश सूर्या हर चुनाव में निर्दलीय लड़कर कांग्रेस को हराने का काम करते आए हैं। इस बार खुद भी हारे और पार्टी को भी नुकसान पहुंचाया। ऐसे गद्दारों को कांग्रेस से निकाल दिया गया है।”
गौरतलब है कि जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण ने 6 फरवरी 2025 को आदेश जारी कर रमेश सूर्या, भान सिंह जगत, आरती वैष्णव, जमुना माथुर, शैल जायसवाल, इशाहक बेग सहित अन्य नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब अपनी हार से बौखलाए ये नेता कांग्रेस पर ही आरोप लगाकर विरोध कर रहे हैं, जिससे नगर की राजनीति गरमा गई है।


