त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा का दबदबा, विधायक चैतराम अटामी ने विजयी जनप्रतिनिधियों को दी बधाई




त्रिनेत्र टाइम्स, कोरबा/दंतेवाड़ा – नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के बाद त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला। दंतेवाड़ा जिले में संपन्न चुनाव में भाजपा समर्थित 06 में से 04 जिला पंचायत सदस्य विजयी रहे। गीदम और दंतेवाड़ा विकासखंड से कुल 18 जनपद सदस्य निर्वाचित हुए।
विधायक चैतराम अटामी ने नव-निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंचों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान गीदम विकासखंड के क्षेत्र क्रमांक-06 से नव-निर्वाचित जनपद सदस्य अनीता लेकाम ने विधायक चैतराम अटामी की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
विधायक चैतराम अटामी से मुलाकात के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। विधायक अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और भाजपा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ पंच से लेकर संसद तक मजबूती से कार्य करेगी, जिससे शहरों से लेकर गांवों तक तेजी से विकास होगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुधराम भास्कर, मंडल महामंत्री शैलेश अटामी सहित समस्त भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


