March 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा कंप्यूटर कॉलेज में भावभीनी विदाई, अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए यादगार बना स्वस्ति समारोह

 

त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा ****। कोरबा कंप्यूटर महाविद्यालय (केसीसी) में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य और यादगार विदाई समारोह “स्वस्ति” का आयोजन किया गया। इस समारोह में महाविद्यालय के डायरेक्टर श्री राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना अग्रवाल, शिक्षकों, छात्रों, अभिभावकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। गणेश वंदना नृत्य की प्रस्तुति डीसीए की छात्रा काजल ने दी, जिसके बाद कई मनोरंजक और ज्ञानवर्धक खेलों का आयोजन किया गया। समारोह में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को मजेदार उपाधियों से सम्मानित किया गया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

नृत्य, संगीत और रोमांचक प्रस्तुतियों से सजा समारोह

कार्यक्रम में डीसीए के छात्र जस्टिन ने शानदार बॉलीवुड डांस प्रस्तुत किया, वहीं अंजलि, आयुषी, रोशनी (डीसीए, बीकॉम) और स्नेहा, आयुषी, कुमांदिनी (बीसीए प्रथम, डीसीए) तथा नमन ग्रुप (बीसीए प्रथम) ने शानदार ग्रुप डांस से समां बांध दिया। इसके बाद रोमांचक गेम “बॉबी देओल कप डांस” का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके अलावा, अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक रैंपवॉक की प्रस्तुति दी, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बीसीए प्रथम और बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्रों (बॉयज) ने ग्रुप डांस कर माहौल को और अधिक जोशीला बना दिया। कार्यक्रम का संचालन बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र समीर महंत और स्वास्तिक मोंगा ने किया।

छात्र-छात्राओं ने साझा किए कॉलेज जीवन के अनुभव

बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अपने तीन वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने पहले दिन की यादें ताजा करते हुए कहा कि महाविद्यालय में नियमित उपस्थिति और पढ़ाई पर ध्यान देना सफलता की कुंजी है। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से ही वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।

मिस्टर और मिस फेयरवेल का हुआ चयन

कार्यक्रम के अंत में मिस्टर फेयरवेल का खिताब राकेश (बीसीए अंतिम वर्ष) और मिस फेयरवेल का खिताब प्रतिमा (बीसीए अंतिम वर्ष) को प्रदान किया गया।

महाविद्यालय प्रबंधन ने दी छात्रों को शुभकामनाएं

मुख्य अतिथि श्री राजेश अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा, “संस्कार के साथ शिक्षा ही केसीसी की विशेषता है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और ज्ञान ही सफलता की कुंजी है।”

उन्होंने सभी शिक्षकों इरविन कुमार, बलिदास महंत, लता साव, शहजादी सिद्दीकी, सुरभि कुंडू, रीना लहरे, रूपाली जातवर, मेधा सोनी, सुरभि राठौर और ऋषि शर्मा की कड़ी मेहनत की सराहना की, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस भव्य विदाई समारोह में छात्रों और शिक्षकों के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला, जहां हंसी-खुशी और आंसुओं के बीच विदाई की इस शाम को सभी ने यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.