वार्डों का सर्वांगीण विकास पार्षदों की प्राथमिकता – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय




अटल विश्वास पत्र के वादों को पूरा करने में पार्षदों की भूमिका अहम
ट्रिपल इंजन सरकार से प्रदेश में विकास को मिलेगी गति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****– मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के महापौर एवं पार्षदों से कहा है कि वार्डों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता में होना चाहिए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करें, ताकि हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं सहज रूप से मिल सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भाजपा को नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली है, जो जनता के हमारी सरकार पर विश्वास को दर्शाता है। यह जीत पार्टी संगठन, नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। अब हमें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा और अटल विश्वास पत्र में किए गए वादों को पूरा करना होगा, जिसमें महापौर एवं पार्षदों की भूमिका सबसे अहम होगी।
दुर्ग एवं धमतरी के नव निर्वाचित महापौर और पार्षदों ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने निवास पर दुर्ग एवं धमतरी नगर निगम के नव निर्वाचित महापौरों और पार्षदों से मुलाकात कर उन्हें जीत की बधाई और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर धमतरी के महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा, दुर्ग की महापौर श्रीमती अलका बाघमार, विधायक श्री गजेंद्र यादव सहित अन्य निकायों के पार्षदगण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत के साथ ट्रिपल इंजन सरकार का संयोग बना है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि नगरीय निकायों के महापौर और पार्षद अपने क्षेत्र में स्वच्छता, बिजली, पानी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में किया ऐतिहासिक प्रदर्शन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनता ने भाजपा सरकार के कार्यों और नीतियों पर भरोसा जताया है, जिससे पार्टी को 10 में से 10 नगर निगम, 49 में से 35 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों में से 81 पर जीत मिली है। उन्होंने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने वार्डों में निरंतर संपर्क बनाए रखें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
रायपुर और बिलासपुर की नवनिर्वाचित महापौरों ने मुख्यमंत्री से की भेंट
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने उनके निवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों महापौरों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि रायपुर और बिलासपुर की जनता ने भाजपा सरकार पर अटूट विश्वास जताया है, जिससे इन शहरों में ट्रिपल इंजन सरकार का संयोग बना है। मुख्यमंत्री ने महापौरों को निर्देश दिया कि नगरों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तन्मयता से कार्य करें।
इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडे और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत भी उपस्थित रहीं।
गौरतलब है कि प्रदेशभर में निर्वाचित महापौरों और पार्षदों का जत्थों के रूप में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने का क्रम लगातार जारी है, और पिछले तीन दिनों में 100 से अधिक पार्षद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं।




