सैम पित्रोदा के बयान पर भड़के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कांग्रेस को घेरा



सीएम साय का तीखा वार – कांग्रेस का हाथ अलगाववादियों और देश विरोधियों के साथ
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****– कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के चीन को सम्मान देने संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर देश के दुश्मनों और अलगाववादियों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया और कहा कि अगर कांग्रेस अपने नेता के बयान से असहमत है तो उसे पार्टी से निष्कासित करे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने X पर लिखा –
“कांग्रेस के हाथ सीधे तौर पर अलगाववादियों और देश के दुश्मनों के साथ हैं। कांग्रेस के विदेशी विभाग के प्रमुख सैम पित्रोदा को शायद देश के दुश्मनों का हाथ मजबूत करने के लिए ही रखा गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की नीति हमेशा से देश को कमजोर करने की रही है। पित्रोदा द्वारा भारतीय नस्ल का अपमान करने, भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बदनाम करने और देश विरोधी साजिशों में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह सैम पित्रोदा को पार्टी से निष्कासित करेगी?
सैम पित्रोदा ने क्या कहा था?
गौरतलब है कि इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि चीन को दुश्मन मानने की बजाय उसका सम्मान करना चाहिए और भारत को टकराव की नीति छोड़कर संवाद व सहयोग की दिशा में बढ़ना चाहिए।
उनके इस बयान के बाद देशभर में विरोध शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इसे भारत के खिलाफ षड्यंत्र करार देते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर भी हमला बोला।
सीएम साय ने कांग्रेस की नीयत पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं के विवादास्पद बयानों को निजी बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश करती है, लेकिन यह पार्टी की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
“कांग्रेस पहले अपने नेता से देश विरोधी बयान दिलवाती है और फिर उसे निजी राय बताकर पल्ला झाड़ लेती है। यह कांग्रेस की पुरानी नीति है – ‘चोर से कहो चोरी कर और गृहस्वामी से कहो जागते रह’।”
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सीधा सवाल करते हुए कहा कि अगर पार्टी को सैम पित्रोदा के बयान से असहमति है तो उन्हें पार्टी से निष्कासित क्यों नहीं किया जाता?
देशभर में विरोध, कांग्रेस पर चौतरफा हमले
सैम पित्रोदा के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बवाल मच गया है। भाजपा के शीर्ष नेता कांग्रेस पर तीखे हमले कर रहे हैं और इसे देश की सुरक्षा से खिलवाड़ बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अगर कांग्रेस में हिम्मत है, तो सैम पित्रोदा को तत्काल पार्टी से बाहर करे, अन्यथा यह साबित होगा कि पार्टी नेतृत्व की शह पर ही देश को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।



