कोरबा में भाजपा की हुंकार: निगम में कमल खिलाकर विकास की गारंटी”



कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस पर जमकर बरसे भाजपा नेता
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन बोले – निगम में भाजपा सरकार बनी तो मिलेगा तीन गुना विकास
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/ नगर निगम चुनाव को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा। इस अवसर पर नगर विधायक, वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, भाजपा महापौर प्रत्याशी श्रीमती संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

“ट्रिपल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी रफ्तार” – उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा की जनता ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण समर्थन देकर डबल इंजन सरकार बनाई है। अब समय आ गया है कि ट्रिपल इंजन सरकार बनाकर नगर निगम में भी भाजपा का परचम लहराया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि घर-घर जाकर भाजपा की उपलब्धियां बताएं और जनता को कांग्रेस के 10 साल के कुशासन से मुक्त करें।
श्री देवांगन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि “कोरबा नगर निगम को विकास करने वाला महापौर चाहिए, न कि भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस सरकार।” उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में कांग्रेस ने कोरबा को 15 साल पीछे धकेल दिया, लेकिन भाजपा की सरकार में कोरबा को 400 करोड़ से अधिक की राशि मिली है। यदि नगर निगम में भाजपा की सरकार बनती है, तो तीन गुना तेज गति से विकास कार्य होंगे और शहर का कायाकल्प होगा।
“सेवा का मंदिर बना था कमीशनखोरी का अड्डा” – निर्विरोध पार्षद नरेंद्र देवांगन
वार्ड क्रमांक 18 के निर्विरोध निर्वाचित भाजपा पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कांग्रेस के कार्यकाल की पोल खोलते हुए कहा कि कोरबा नगर निगम सेवा का मंदिर होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने इसे कमीशनखोरी का अड्डा बना दिया। कांग्रेस के महापौर शाम 5 बजे के बाद ऑफिस आते थे, जनता परेशान होती थी, लेकिन उन्हें सिर्फ अपना कमीशन चाहिए था। अब समय आ गया है कि इस कमीशनखोरी को नगर निगम से पूरी तरह खत्म किया जाए।

“कांग्रेस के चेहरे बदलते हैं, लूट की फितरत वही रहती है” – भाजपा प्रत्याशी संजू देवी राजपूत
भाजपा की महापौर प्रत्याशी श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि “10 साल से शहर की जनता कांग्रेस को नगर निगम में देख रही है, हर बार उनका चेहरा बदल जाता है, लेकिन फितरत वही रहती है – जनता का पैसा लूटने की।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विकास से कोई मतलब नहीं, इसीलिए वे अपने 10 साल के कार्यकाल की एक भी उपलब्धि नहीं गिना पा रहे। अब जनता को ऐसे भ्रष्ट लोगों की जमानत जब्त करानी होगी।
“कोरबा को संवारने के लिए 68 वार्डों में कमल खिलाना जरूरी” पूर्व महापौर जोगेश लांबा
पूर्व महापौर जोगेश लांबा ने कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि “इस बार 68 कमल खिलाकर कोरबा को एक नया स्वरूप देना होगा।” उन्होंने कहा कि नगर निगम में भाजपा की सरकार बनते ही शहर को एक आधुनिक और विकसित नगर बनाने के लिए तेज गति से कार्य होंगे।

“कार्यकर्ताओं की ऐतिहासिक भीड़, लगी अतिरिक्त कुर्सियां”
भाजपा के इस विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में उम्मीद से दोगुनी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। हॉल में अतिरिक्त कुर्सियां लगानी पड़ीं, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कोरबा की जनता अब भाजपा के सुशासन और प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर भरोसा जता रही है।
“भाजपा की बयार, कांग्रेस की हार तय”
इस अभूतपूर्व कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद यह साफ हो गया कि नगर निगम कोरबा में भाजपा का परचम लहराने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं और जनता कांग्रेस के भ्रष्ट शासन को उखाड़ फेंकने के मूड में है।


