भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम के लिए भाजपा की हुंकार: संजू देवी राजपूत”



– कांग्रेस की ‘रिमोट कंट्रोल’ सरकार पर साधा निशाना, सुशासन और विकास का दिया आश्वासन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/ नगर निगम चुनाव में भाजपा महापौर प्रत्याशी श्रीमती संजू देवी राजपूत का जनसंपर्क अभियान तेजी से जारी है। वार्ड क्रमांक 40 पाड़ीमार और वार्ड क्रमांक 62 सर्वमंगला नगर में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की नगर निगम सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से नगर निगम में कांग्रेस की ‘रिमोट कंट्रोल’ सरकार है, जिसके पास न तो विकास की नीति है और न ही कोई ठोस नीयत। यदि कांग्रेस वास्तव में विकास करना चाहती, तो कम से कम एक भी कार्य ऐसा दिखता जो जनता के हित में पूरा हुआ हो।
कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप, विकास कार्यों की अनदेखी
श्रीमती संजू देवी राजपूत ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम के पूरे कार्यों का आपस में बंटवारा कर लिया था। सड़क डामरीकरण का काम एक परिवार के पास था, तो उद्यानों के निर्माण की जिम्मेदारी एक विशेष कांग्रेस नेता को सौंप दी गई थी। आज नगर निगम क्षेत्र में मुख्य मार्गों से लेकर गलियों तक की सड़कों की हालत खस्ताहाल है। उद्यानों का विकास भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। जनता को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है।
“वोट की चोट से भ्रष्टाचार पर प्रहार”
जनता से आशीर्वाद मांगते हुए श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा, “इस बार नगर निगम चुनाव में जनता को वोट की चोट से भ्रष्टाचार पर प्रहार करना है।” उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को मौका मिलता है, तो कोरबा में सुशासन और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को गति मिलेगी। उनकी परिकल्पना “समृद्ध वार्ड – समृद्ध शहर” की है, जिसे साकार करने के लिए प्रदेश में विष्णुदेव साईं की सरकार और उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में केंद्र से भरपूर आर्थिक सहयोग लिया जाएगा। इससे नगर निगम के विकास कार्यों को तेज गति और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।
श्रीमती संजू देवी राजपूत के जनसंपर्क अभियान को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। वार्डों में नागरिकों ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम की स्थापना के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने का संकल्प लिया।




