मातृभाषा में रची-बसी है छत्तीसगढ़ की संस्कृति और स्वाभिमान, छत्तीसगढ़ी को जनजीवन में अपनाने का मुख्यमंत्री ने किया आह्वान
1 min read
छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं, भाषा के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर दिया जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ की माटी, लोकसंस्कृति, परंपरा और जनभावनाओं की आत्मीय पहचान छत्तीसगढ़ी भाषा है। यह केवल बोलचाल का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्वाभिमान और पुरखों के संस्कारों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का सशक्त आधार है। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मातृभाषा के संरक्षण, संवर्धन और अधिकाधिक उपयोग का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी में प्रदेश की मिट्टी की खुशबू, लोकजीवन की सहजता, आपसी प्रेम और अपनत्व समाहित है। लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों में छत्तीसगढ़ी की मिठास हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाती है। यही भाषा हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़कर रखती है।
उन्होंने कहा कि मातृभाषा का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उसका उपयोग घर-परिवार, सामाजिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर बढ़े। भाषा को केवल उत्सव या औपचारिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी भाषाई विरासत से आत्मीयता के साथ जुड़ सके।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि छत्तीसगढ़ी भाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने और इसे आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए सभी सामूहिक रूप से संकल्प लें। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा पर गर्व, उसके प्रति सम्मान और व्यवहार में उसका निरंतर उपयोग ही छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाएगा।




