राष्ट्रीय दायित्व मिलने पर रायपुर में ललित चंद्राकर का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय में लड्डुओं से हुआ भव्य अभिनंदन
1 min read
राष्ट्रीय महामंत्री ललित चंद्राकर और राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य खमन ताम्रकार के स्वागत में उमड़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह, ओबीसी मोर्चा ने संगठन मजबूती का लिया संकल्प
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं विधायक ललित चंद्राकर तथा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य खमन ताम्रकार के रायपुर आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्वागत के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के मुख्य द्वार पर ललित चंद्राकर को लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। अशोक साहू ने राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व दिए जाने को पूरे प्रदेश के लिए गौरव बताया और संगठन को दोगुनी ऊर्जा से मजबूत करने का आह्वान किया। नवीन मार्कण्डेय ने संगठन में धैर्य, समर्पण और पिछड़ा वर्ग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य खमन ताम्रकार ने कार्यकर्ताओं के सहयोग और वर्षों की संगठनात्मक सेवा को अपने नए दायित्व का आधार बताते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प जताया।

राष्ट्रीय महामंत्री ललित चंद्राकर ने शीर्ष नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण से विधायक, सांसद तथा राष्ट्रीय पदाधिकारी बनने का अवसर प्राप्त कर सकता है। उन्होंने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचारों को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा पिछड़ा वर्ग को पार्टी से मजबूती से जोड़ने को अपनी प्राथमिकता बताया।
समारोह में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष, मीडिया एवं सोशल मीडिया पदाधिकारी, विभिन्न जिलों और संभागों के प्रभारी व अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष जायसवाल एवं आभार प्रदर्शन शांतनु साहू ने किया।




