लंबित मांगों पर अब आर-पार की तैयारी! कोरबा में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारियों ने भरी हुंकार, प्रांताध्यक्ष टारजन गुप्ता ने एकजुटता को बताया सबसे बड़ी ताकत
1 min read
ग्रेड पे संशोधन और पदनाम परिवर्तन की मांग फिर बुलंद, प्रांतीय महासम्मेलन को कर्मचारी अधिकारों की निर्णायक आवाज बनाने जुटा संघ; जिले के सैकड़ों कर्मचारियों ने संगठनात्मक मजबूती का लिया संकल्प
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। वर्षों से लंबित कर्मचारी मांगों को लेकर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने संगठनात्मक ताकत बढ़ाने और प्रदेश स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी तेज कर दी है। प्रांतीय महासम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में संघ के प्रांताध्यक्ष टारजन गुप्ता के कोरबा आगमन पर कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला स्तरीय बैठक में ग्रेड पे संशोधन, पदनाम परिवर्तन सहित कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई और हक की लड़ाई को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
एकजुटता ही अधिकारों की लड़ाई का आधार
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष टारजन गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को मजबूती से शासन और प्रशासन तक पहुंचाने के लिए संगठन की एकजुटता सबसे जरूरी है। बिखरी आवाज प्रभावहीन हो सकती है, लेकिन संगठित कर्मचारी अपनी मांगों को मजबूती से सामने रख सकते हैं। उन्होंने ग्रेड पे में संशोधन और पदनाम परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर देते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा कर्मचारी हितों के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
महासम्मेलन बनेगा प्रदेशभर के कर्मचारियों की आवाज
आगामी प्रांतीय महासम्मेलन को केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों और लंबित मांगों को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का मंच बताया गया। प्रांताध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से महासम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने, अनुशासन बनाए रखने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने की अपील की। बैठक में मौजूद कर्मचारियों ने भी एकजुट होकर महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

प्रदेश से ब्लॉक स्तर तक पदाधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश जायसवाल, प्रदेश महामंत्री आर.के. अवस्थी, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सरोज बाघमार, उपाध्यक्ष रमशीला साहू, आईटी सेल प्रभारी संत साहू, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश पटेल, बिलासपुर संभाग अध्यक्ष गजेंद्र भोंसले, संभाग उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, महासमुंद जिलाध्यक्ष विनय प्रधान और कोरबा जिलाध्यक्ष पन्ना लाल पटेल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला महिला प्रकोष्ठ से सरस्वती रजक, जिला संरक्षक हरि दिवाकर, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार सिंह, करतला ब्लॉक अध्यक्ष लव देवांगन, पाली ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण सोनकर और पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष विजय यादव समेत जिलेभर से सैकड़ों स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के समापन पर महासम्मेलन की तैयारियों को गति देने, संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने और लंबित मांगों के लिए सामूहिक संघर्ष को मजबूत करने पर सहमति बनी। कोरबा की इस बैठक ने स्पष्ट संकेत दिया कि स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी अब अपनी मांगों को संगठित शक्ति के साथ प्रदेश स्तर पर उठाने की तैयारी में जुटे हैं।




