युवा ऊर्जा और नवाचार से विकसित भारत का सपना होगा साकार, कमला नेहरू कॉलेज में माय भारत कार्यक्रम के तहत रचनात्मक स्पर्धाओं की धूम
1 min read
प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा—आज का युवा राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत स्तंभ, अपनी प्रतिभा, सोच और नवाचार से देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। विकसित भारत के संकल्प को विचारों, रचनात्मकता और युवा प्रतिभाओं के माध्यम से अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत युवा संवाद सहित विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध लेखन, वाद-विवाद, क्विज, संगोष्ठी, परिचर्चा, पोस्टर निर्माण और चित्रकला जैसी स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को अपनी कला और विचारों के जरिए उकेरा।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान में राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत स्तंभ है। माय भारत जैसे मंच युवाओं को अपनी रचनात्मकता, तर्कशक्ति, नेतृत्व क्षमता और नवाचार को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं और संवाद के माध्यम से विकसित भारत की जो परिकल्पना प्रस्तुत की, वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं का निरीक्षण करते हुए प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। आयोजन में भूगोल विभागाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, डॉ. रश्मि शुक्ला, डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. सुनीरा वर्मा, डॉ. अंजू खेस्स, डॉ. प्रीति द्विवेदी, गोविंद माधव उपाध्याय, राकेश गौतम, डॉ. ललिता साहू, डॉ. सुशीला कुजूर, अनिता यादव, डॉ. विमला सिंह, नितेश यादव, शंकरलाल यादव, कुणाल दासगुप्ता, प्रीति महंत सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




