November 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर साधा निशाना, देशभर में संगठनात्मक प्रवास कर ओबीसी समाज को पार्टी से जोड़ने का जताया संकल्प

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने पिछड़ा वर्ग समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संगठन में भागीदारी और नेतृत्व के अवसर प्रदान किए हैं। ओबीसी समाज का सम्मान और सशक्तिकरण भाजपा की राजनीतिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जबकि कांग्रेस आज भी केवल विरोध की राजनीति में उलझी हुई है। यह बात भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं विधायक ललित चन्द्राकर ने रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में ललित चन्द्राकर ने राष्ट्रीय महामंत्री की नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना भाजपा की संगठनात्मक कार्यशैली और कार्यकर्ताओं पर भरोसे का प्रमाण है। यह जिम्मेदारी केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता के लिए गौरव की बात है।

 

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से कार्य करेंगे। उनका लक्ष्य संगठन को मजबूत करना, पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना और पार्टी की विचारधारा को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।

ओबीसी समाज के राजनीतिक एवं सामाजिक उत्थान का उल्लेख करते हुए चन्द्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग को सम्मान, प्रतिनिधित्व और विकास के नए अवसर मिले हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं और संगठन में बढ़ती भागीदारी से ओबीसी वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। भाजपा में कार्यकर्ताओं की योग्यता और क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारियां दी जाती हैं, जबकि कांग्रेस में नेतृत्व और कार्यप्रणाली को लेकर जनता का विश्वास लगातार कमजोर हुआ है।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस जनहित और देशहित के मुद्दों पर अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी। आज कांग्रेस के पास ठोस जनाधार वाले मुद्दों की कमी है और वह केवल राजनीतिक विरोध को ही अपनी रणनीति बनाए हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर उसकी राजनीति को कमजोर कर रहा है, जबकि भाजपा अपने संकल्पों को योजनाओं और कार्यों के माध्यम से जमीन पर उतारने का प्रयास करती है।

ललित चन्द्राकर ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री के दायित्व के तहत वे देश के विभिन्न राज्यों में प्रवास करेंगे, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे तथा पिछड़ा वर्ग के अधिकाधिक लोगों को भाजपा से जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। ओबीसी समाज के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और समाज के लोगों को राजनीतिक एवं सामाजिक नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य खम्मन ताम्रकार, प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा एवं उपकार चंद्राकर, प्रदेश मीडिया प्रभारी छगन साहू तथा सह-प्रभारी श्रवण यदु उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.