बाल विवाह के खिलाफ कोरबा में गूंजा बुलंद संदेश, 500 से अधिक लोगों ने निकाली जागरूकता रैली
1 min read
‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के संकल्प के साथ सड़कों पर उतरे विद्यार्थी, शिक्षक, सामाजिक संगठन और महिलाएं, जागरूकता के जरिए कुरीति के खात्मे का आह्वान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। बाल विवाह जैसी कुरीति को समाज से जड़ सहित समाप्त करने और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को कोरबा में विशाल जनजागरूकता रैली निकाली गई। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस रैली में 500 से अधिक लोगों ने भाग लेकर बाल विवाह के विरुद्ध एकजुटता दिखाई। विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों, किशोरियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की सहभागिता से शहर में सामाजिक जागरूकता का प्रभावशाली संदेश प्रसारित हुआ।
बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता, जागरूकता से बदलाव का आह्वान
भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन और हार्ड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर विचार रखे।
समाज में बदलाव लाने वालों का सम्मान
बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र के संकाय सदस्य लक्ष्मीकांत साहू, ग्राम पंचायत कोलगा की पंचायत सचिव सूरज कुमारी तथा एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा शहरी की सेक्टर पर्यवेक्षक स्वाति राठौर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके योगदान को बाल विवाह रोकथाम और सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

शपथ से शुरुआत, रैली से शहर तक पहुंचा संदेश
कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की रक्षा और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ ली। इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डिम्पल भेड़िया एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर से निकलकर कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक निहारिका होते हुए घंटाघर स्थित ओपन थिएटर ऑडिटोरियम पहुंची। पूरे मार्ग में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से इस कुरीति को रोकने, बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
विद्यार्थियों से महिला समूहों तक, हर वर्ग ने निभाई भागीदारी
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, सेक्टर पर्यवेक्षकों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की सहभागिता ने अभियान को व्यापक जनसमर्थन प्रदान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य माया रूपेश कंवर, नगर निगम के रामेश्वर कंवर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेंद्र देव सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट नीलू पटेल, नीति आयोग से जुड़े प्रतिनिधि, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव, स्रोत संस्था के संचालक डिक्शन मसीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाल विवाह के खिलाफ निकली यह रैली केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकार, सम्मान, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के प्रति समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश बनी। आयोजन के माध्यम से स्पष्ट आह्वान किया गया कि बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूकता के साथ हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ी को भय, मजबूरी और सामाजिक बंधनों से मुक्त सुरक्षित बचपन मिल सके।




