धर्म, संस्कार और सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, अशोक मोदी ने बांटी 101 रामचरितमानस और 1001 हनुमान चालीसा
1 min read
हिन्दुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी सम्मेलन में धार्मिक साहित्य वितरण कर सनातन संस्कृति के संरक्षण, आध्यात्मिक चेतना और राम-हनुमान के आदर्शों को जनमानस से जोड़ने की पहल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। धर्म केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि संस्कार, जीवन मूल्यों, सेवा, समर्पण और सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। इसी भावना के साथ कोरबा के प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता, प्रमुख व्यवसायी, श्री सप्तदेव सेवा समिति के प्रमुख ट्रस्टी एवं छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन अशोक मोदी ने हिन्दुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी सम्मेलन में धार्मिक साहित्य के निःशुल्क वितरण के माध्यम से सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार की पहल की। घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में 22 नवंबर को आयोजित भव्य सम्मेलन के दौरान 101 श्रीरामचरितमानस एवं 1001 श्री हनुमान चालीसा श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह को वितरित की गई।
धर्मसेना एवं मातृशक्ति के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, साध्वियों एवं विभिन्न सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। अशोक मोदी ने सम्मेलन में पधारे संतजनों एवं विशिष्ट अतिथियों को श्रीरामचरितमानस की प्रतियां भेंट कर सम्मानित किया और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, आध्यात्मिक जागरण तथा समाज में धार्मिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखने में उनके योगदान के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

संतों के सानिध्य में धर्म और संस्कृति पर सार्थक संवाद
सम्मेलन में अखिल भारतीय संत समिति के महासचिव स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती, प्रखर वक्ता साध्वी मां प्रज्ञा भारती, भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, धर्माचार्य संपर्क विभाग के प्रांत संयोजक आचार्य राकेश महाराज, अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश समाज प्रमुख डॉ. अशोक हरियंश, सनातन धर्म प्रचारक पंडित अजय उपाध्याय महाराज तथा घर वापसी अभियान की प्रदेश प्रमुख अंजू गवेल सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान अशोक मोदी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के बीच धर्मांतरण की रोकथाम, सनातन संस्कृति के संरक्षण, धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सम्मेलन में घर वापसी करने वाले परिवारों को भी श्रीरामचरितमानस भेंट की गई। धार्मिक साहित्य के माध्यम से उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।
साध्वी मां प्रज्ञा भारती को सप्तदेव मंदिर आने का आमंत्रण
अशोक मोदी ने सम्मेलन के दौरान ओजस्वी वक्ता साध्वी मां प्रज्ञा भारती से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात में सनातन धर्म की महत्ता, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के विस्तार पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने साध्वी जी को कोरबा के हृदयस्थल मेन रोड स्थित श्री सप्तदेव मंदिर में पधारकर भगवान के दर्शन करने के लिए सादर आमंत्रित किया।
1001 हनुमान चालीसा वितरण से भक्ति और संस्कारों का संदेश
इस धार्मिक अभियान में जगदीश प्रसाद अग्रवाल एवं भगवती प्रसाद गोयनका ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। तीनों के सहयोग से श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनसमूह के बीच 1001 श्री हनुमान चालीसा का निःशुल्क वितरण किया गया। आयोजन के माध्यम से प्रभु श्रीराम के मर्यादा, आदर्श एवं कर्तव्य और हनुमान जी के भक्ति, साहस, सेवा एवं समर्पण जैसे गुणों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को धार्मिक साहित्य, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की भावना इस पहल के केंद्र में रही।

सनातन संस्कृति जीवन मूल्यों और सामाजिक एकता का आधार : अशोक मोदी
अशोक मोदी ने कहा कि सनातन धर्म केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार, जीवन मूल्यों, परंपराओं और सामाजिक एकता का मूल आधार है। श्रीरामचरितमानस एवं श्री हनुमान चालीसा जैसे ग्रंथ जीवन में मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, भक्ति, साहस, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देते हैं। इन धार्मिक ग्रंथों का नियमित अध्ययन एवं उनके आदर्शों का अनुसरण समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सम्मेलन में धार्मिक साहित्य का वितरण महज पुस्तकों का दान नहीं, बल्कि धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक विचारों को समाज के बीच पहुंचाने का प्रयास रहा। इस पहल के माध्यम से सनातन परंपरा के प्रति श्रद्धा, धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।




