November 26, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

भाजपा प्रदेश कार्यालय में संविधान गौरव दिवस पर बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को किया गया नमन, पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को किया याद

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संविधान गौरव दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल आदर्शों के साथ राष्ट्र के प्रति नागरिकों के दायित्वों पर भी विचार रखे गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि संविधान गौरव दिवस भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित संविधान सभा के समस्त मनीषियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक या कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय जीवन का आधार है। भाजपा के लिए संविधान ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा का प्राण है।

 

 

कर्मवीर सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना में समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। इन मूल्यों को व्यवहार में उतारने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास के अवसर पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान में नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान किए गए हैं, लेकिन इसके साथ ही राष्ट्र के प्रति मौलिक कर्तव्यों का भी स्पष्ट बोध कराया गया है।

उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक और संगठन के कार्यकर्ता के रूप में संविधान की भावना, लोकतांत्रिक मर्यादाओं तथा राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को आत्मसात करना हम सभी की जिम्मेदारी है। संविधान के आदर्श तभी सार्थक होंगे, जब उन्हें केवल पुस्तकों और भाषणों तक सीमित न रखकर अपने आचरण और सामाजिक जीवन में भी अपनाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के व्यक्तित्व, विचारों और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया। पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। आयोजन के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, भाजपा नेत्री श्वेता शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.