November 26, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की शैक्षणिक योग्यता और संगठनात्मक अनुभव को मिला सम्मान, न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड में मिली अहम जिम्मेदारी • स्पेस सेक्टर में राजनीतिक पृष्ठभूमि से पहली नियुक्ति होने का दावा

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने को भारत सरकार ने न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। देश के अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण संस्था में मिली यह जिम्मेदारी उनके शैक्षणिक कौशल, तकनीकी पृष्ठभूमि, राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति लंबे समय से किए जा रहे योगदान को नई पहचान देने वाली नियुक्ति मानी जा रही है। इस नियुक्ति से प्रदेश के राजनीतिक एवं मीडिया जगत में हर्ष का माहौल है।

न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की वाणिज्यिक इकाई है, जो भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रमों को व्यावसायिक विस्तार देने तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और सेवाओं के क्षेत्र में देश की क्षमताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान में स्वतंत्र निदेशक के रूप में नलिनीश ठोकने की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए विशेष उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

तकनीकी शिक्षा और संगठनात्मक अनुभव का संगम

नलिनीश ठोकने ने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा A.M.A.E.S.I. से प्राप्त की है। उनकी तकनीकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि को इस नियुक्ति का महत्वपूर्ण आधार बताया गया है। राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए तकनीकी क्षेत्र से जुड़ी उनकी शिक्षा अब राष्ट्रीय स्तर की अंतरिक्ष संस्था में जिम्मेदारी के रूप में सामने आई है। यह नियुक्ति उनके अनुभव और योग्यता के समन्वय का उदाहरण मानी जा रही है।

दो दशक से अधिक समय से भाजपा मीडिया विभाग में सक्रिय

नलिनीश ठोकने वर्ष 2003 से भारतीय जनता पार्टी के मीडिया विभाग में सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी के मीडिया विभाग में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और मीडिया विभाग के प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी निरंतर सक्रियता और लंबे अनुभव ने पार्टी के भीतर उनकी पहचान स्थापित की है।

चुनावी जिम्मेदारियों में भी निभाई अहम भूमिका

प्रदेश और अन्य राज्यों के चुनावी अभियानों में भी नलिनीश ठोकने की सक्रिय भागीदारी रही है। रायपुर उत्तर विधानसभा चुनाव में संयोजक के रूप में उन्होंने जिम्मेदारी निभाई, वहीं महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान तुलजापुर विधानसभा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पार्टी संगठन के विभिन्न दायित्वों में उनके अनुभव और कार्यशैली को इस नई नियुक्ति से जोड़कर देखा जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव, भाजपा मीडिया विभाग में खुशी की लहर

स्पेस सेक्टर में राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ी इस नियुक्ति को अब तक की पहली नियुक्ति बताया गया है, जो छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। नलिनीश ठोकने को NSIL में स्वतंत्र निदेशक बनाए जाने पर भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं प्रवक्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। पार्टी नेताओं ने इस उपलब्धि को उनकी योग्यता, अनुभव, समर्पण और लंबे संगठनात्मक योगदान का सम्मान बताया।

राष्ट्रीय स्तर की अंतरिक्ष संस्था में मिली इस नई जिम्मेदारी के साथ नलिनीश ठोकने के कार्यक्षेत्र का विस्तार हुआ है। राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव के साथ तकनीकी शिक्षा की पृष्ठभूमि रखने वाले उनके लिए यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, वहीं छत्तीसगढ़ के लिए भी यह उपलब्धि प्रदेश की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने वाली है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.