संविधान भारत की लोकतांत्रिक शक्ति और एकता का आधार, बाबासाहेब का योगदान सदैव रहेगा अविस्मरणीय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
1 min read
संविधान गौरव दिवस पर भाजपा की भव्य सभा, मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने डॉ. आंबेडकर के योगदान को किया नमन; लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समानता और संवैधानिक अधिकारों पर रखे विचार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//रायपुर। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता तथा अभिव्यक्ति का अधिकार प्रदान करता है। संविधान निर्माताओं का सपना था कि समाज के प्रत्येक वर्ग को लोकतंत्र में समान भागीदारी और वंचित तबकों को भी अधिकार एवं सम्मान मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माण में दो वर्ष, ग्यारह माह और अठारह दिन का समय लगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान के निर्माता डॉ. आंबेडकर के योगदान को सम्मान देने के साथ उनकी स्मृतियों से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ देश की विरासत और महापुरुषों के योगदान को भी संजोने का कार्य कर रही है।

कांग्रेस पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप
भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक संस्थाओं, न्यायपालिका और प्रेस की स्वतंत्रता को प्रभावित किया था। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को ऐतिहासिक कदम बताया तथा डॉ. आंबेडकर से जुड़े स्मारकों के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की।
संविधान देश की सबसे बड़ी पूंजी और खूबसूरती : गजेंद्र यादव
विधि एवं विधायी तथा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान ही भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत और देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू किए जाने का उल्लेख करते हुए न्याय व्यवस्था में किए गए बदलावों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संयोजक रंजना साहू ने किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, विधायक सुनील सोनी एवं मोतीलाल साहू, रायपुर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्याम नारंग सहित भाजपा पदाधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक और विभिन्न संगठनों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




