संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र का मजबूत आधार, नागरिकों का कर्तव्य है इसका सम्मान : गोपाल मोदी
1 min read
कोरबा भाजपा ने संविधान गौरव दिवस पर बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान को किया स्मरण, दीप प्रज्वलन के साथ आयोजित कार्यक्रम में संविधान के मूल आदर्शों, अधिकारों और कर्तव्यों पर रखे गए विचार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, सामाजिक समानता और राष्ट्रीय एकता का आधार है। इसी भावना के साथ भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा संविधान गौरव दिवस पर जिला भाजपा कार्यालय टीपी नगर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के ऐतिहासिक योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और समर्पण की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की उपस्थिति रही, जबकि जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।
संविधान लोकतंत्र की आत्मा, हर नागरिक के लिए सर्वोपरि : गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है और संविधान हमारा अभिमान, सम्मान एवं गौरव है। उन्होंने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए बताया कि संविधान तैयार करने में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा। प्रारूप समिति के अध्यक्ष बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया और 26 जनवरी 1950 को इसे देश में लागू किया गया।
उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना देश के नागरिकों के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक आदर्शों का प्रतिबिंब है। राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को पहले एक भारतीय नागरिक के रूप में संविधान का सम्मान करना चाहिए। संविधान के प्रति निष्ठा केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र के प्रति समर्पण में भी दिखाई देनी चाहिए।
गोपाल मोदी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान को नमन करते हुए कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने वाला आधार स्तंभ है। उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा संविधान को लेकर की जाने वाली राजनीति पर भी अपनी बात रखते हुए कांग्रेस के साथ बाबा साहेब के ऐतिहासिक संबंधों और व्यवहार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संविधान की गरिमा, उसके मूल्यों और महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
संविधान ने हर नागरिक को अधिकार दिए, लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रदान की मजबूती : अखिलेश पांडेय
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय ने संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, निर्माण प्रक्रिया और नागरिक जीवन में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा सहित सामाजिक एवं आर्थिक अधिकारों की सुरक्षा प्रदान करता है। केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारों एवं दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण कर संविधान ने देश की शासन व्यवस्था को सुव्यवस्थित आधार दिया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा नारी वंदन से जुड़ी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों की सुरक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र की एकता का आधार है। प्रत्येक भारतीय को संविधान के आदर्शों का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

अखिलेश पांडेय ने कहा कि संविधान हमारा अभिमान है, संविधान हमारा सम्मान है और संविधान ही हमारा गौरव है। इसके मूल्यों को जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
पुष्पांजलि, विचार और संकल्प के साथ संविधान गौरव दिवस का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए संविधान के प्रति सम्मान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान की भावना के अनुरूप राष्ट्रहित, नागरिक कर्तव्य और सामाजिक समरसता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, लक्की नंदा, रुक्मणी नायर, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, अजय कंवर, अजय दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज राठौर, शैलेन्द्र यादव, प्रदीप सिंह, अविनाश दुबे, सरजू अजय, डॉ. विजय राठौर, रामनारायण सराफ, राजेश लहरे, अंजना सिंह, बी.डी. शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




