खेल-खेल में सीख रहे नौनिहाल, पोषण से खिल रहा बचपन; बालको के 111 नंद घर ग्रामीण बच्चों के भविष्य को दे रहे नई उड़ान
1 min read
7 हजार से अधिक बच्चों और माताओं तक पहुंची बालको की पहल, प्रारंभिक शिक्षा से लेकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तक पर विशेष ध्यान; गांवों में शिक्षा, पोषण और जागरूकता की मजबूत हो रही बुनियाद
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// बालकोनगर, किसी भी बच्चे का भविष्य उसकी जिंदगी के शुरुआती वर्षों में मिलने वाली शिक्षा, पोषण और संस्कारों से आकार लेता है। बचपन को बेहतर बनाने और बच्चों को स्वस्थ एवं शिक्षित भविष्य की ओर अग्रसर करने के इसी उद्देश्य के साथ भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) छत्तीसगढ़ में अपने 111 नंद घरों के माध्यम से ग्रामीण समुदायों में सकारात्मक बदलाव की पहल कर रहा है। ये नंद घर अब केवल बच्चों के खेलने और सीखने के केंद्र नहीं, बल्कि प्रारंभिक शिक्षा, सुपोषण, स्वास्थ्य जागरूकता और मातृ-शिशु कल्याण को बढ़ावा देने वाले महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं।
खेल और रचनात्मक गतिविधियों से सीखने की नई शुरुआत
नंद घरों में बच्चों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ खेल-आधारित और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए शिक्षा प्रदान की जा रही है। यहां नन्हे बच्चों को अक्षरों की पहचान, वर्णमाला, अंग्रेजी के सामान्य शब्द और गिनती जैसी बुनियादी जानकारियां रोचक तरीके से सिखाई जाती हैं। इस पद्धति से बच्चों में सीखने की रुचि, समझने की क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता संबंधी जागरूकता के माध्यम से उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
बच्चों की खुशी में दिख रहा नंद घर का सकारात्मक प्रभाव
दोंद्रो निवासी निशा यादव अपने बेटे के अनुभव साझा करते हुए बताती हैं कि नंद घर में आने के बाद उनके बच्चे की सीखने में रुचि बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा अब सुबह स्वयं उठकर नंद घर जाने के लिए उत्साहित रहता है। यहां उसे नई-नई चीजें सीखने, दूसरे बच्चों के साथ खेलने और मेलजोल बढ़ाने का अवसर मिलता है। पौष्टिक भोजन मिलने से अच्छी खानपान की आदतें भी विकसित हो रही हैं। निशा यादव के अनुसार, नंद घर बच्चों के लिए ऐसा वातावरण उपलब्ध करा रहे हैं, जहां पढ़ाई और खेल के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाता है। उन्होंने अन्य माताओं से भी अपने बच्चों को नंद घर भेजने की अपील की।
शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में मिल रही मदद
शासकीय प्राथमिक पाठशाला की सहायक शिक्षिका ममता चौहान ने नंद घर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों में अक्षर ज्ञान, अंग्रेजी के सामान्य शब्द, वर्णमाला और गिनती की समझ विकसित हो रही है। रचनात्मक गतिविधियों के कारण बच्चे नई चीजें सीखने के प्रति रुचि दिखा रहे हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव उनकी स्कूल जाने की तैयारी और सीखने की क्षमता पर भी दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि नंद घर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला तैयार करने में सहयोगी साबित हो रहे हैं।
पोषण जागरूकता से माताओं को मिल रही सही जानकारी
पोषण विशेषज्ञ अंजू यादव ने कहा कि स्वस्थ बचपन और बेहतर मातृ स्वास्थ्य एक मजबूत समाज के निर्माण के लिए बेहद आवश्यक हैं। बालको के नंद घरों के माध्यम से महिलाओं को संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से टेक-होम राशन (टीएचआर) के पोषण संबंधी लाभ और उससे घर पर पौष्टिक भोजन तैयार करने के तरीकों की जानकारी देना उपयोगी कदम है। उन्होंने कहा कि कुपोषण से मुकाबले के लिए केवल पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि परिवारों को सही जानकारी देना और खानपान की आदतों में सकारात्मक बदलाव लाना भी जरूरी है। नंद घर इस दिशा में माताओं और परिवारों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं।
111 नंद घर, 7 हजार से अधिक बच्चों और माताओं तक पहुंच
बालको द्वारा संचालित 111 नंद घरों के माध्यम से अब तक 7,000 से अधिक बच्चों और माताओं को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रारंभिक शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के जरिए ग्रामीण परिवारों तक जागरूकता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करने के साथ माताओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
बालको की यह पहल इस सोच को मजबूत करती है कि स्वस्थ बचपन और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा ही एक सशक्त समाज की असली पूंजी है। गांवों में बच्चों को सीखने का अवसर, माताओं को पोषण संबंधी जानकारी और परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता देकर नंद घर बेहतर भविष्य की नींव तैयार करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।




