राशनकार्ड से लेकर ई-केवाईसी तक… 28 से 30 सितंबर तक जिलेभर में लगेगा सेवा सेतु कैंप, एक ही जगह मिलेगी खाद्य योजनाओं की पूरी जानकारी
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के नागरिकों को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी सीधे उपलब्ध कराने के लिए 28 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय एवं सभी विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से राशनकार्ड, खाद्यान्न वितरण, पात्रता, ऑनलाइन आवेदन, शिकायत निराकरण सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
सेवा सेतु कैंप में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशनकार्ड, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। नागरिकों को नए राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा।
कैंप में उचित मूल्य दुकानों के संचालकों के माध्यम से राशनकार्ड में दर्ज सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग का कार्य भी कराया जाएगा। इसके साथ ही हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री के सैंपल प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को मिलने वाली सामग्री की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
खाद्य विभाग की योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए कैंपों में पोस्टर और वीडियो क्लिप के माध्यम से भी जानकारी दी जाएगी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए उपलब्ध विभिन्न माध्यमों की जानकारी भी नागरिकों को मौके पर प्रदान की जाएगी।
राशनकार्ड से संबंधित किसी समस्या या उसके निराकरण की जानकारी के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 9425201983 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा भारत सरकार के ‘अन्न सहायता’ पोर्टल, विभागीय कॉल सेंटर 1800-233-3663 सहित अन्य शिकायत निराकरण माध्यमों की जानकारी भी कैंप में उपलब्ध रहेगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को सेवा सेतु कैंपों का व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने तथा उचित मूल्य दुकानों में वितरित खाद्यान्न सामग्री के सैंपल प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए हैं। जिले के नागरिक 28 से 30 सितंबर के बीच अपने क्षेत्र में आयोजित सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर राशनकार्ड और खाद्य योजनाओं से जुड़ी जानकारी, आवश्यक प्रक्रियाओं तथा शिकायतों के निराकरण की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।







