वडनगर से काशी तक गूंजेगी युवा शक्ति की हुंकार, पांच रास्तों से छत्तीसगढ़ में उतरेगी ‘सेवा संकल्प’ की बाइक रैली
1 min read



बस्तर से सरगुजा तक सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर दौड़ेंगे भाजयुमो कार्यकर्ता, कोरबा समेत कई जिलों से होकर वाराणसी की ओर बढ़ेगी यात्रा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//**// रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी तक युवा शक्ति के सेवा संकल्प को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भव्य बाइक रैली का आयोजन किया है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निकल रही यह यात्रा गुजरात के वडनगर से प्रारंभ होकर देश के विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए वाराणसी पहुंचेगी। हजारों युवा कार्यकर्ता सेवा, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और संगठनात्मक एकता का संदेश लेकर इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के अनुसार छत्तीसगढ़ में यह यात्रा विशेष स्वरूप में दिखाई देगी। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पांच रूटों पर सेवा यात्री प्रवेश करेंगे। रास्ते में भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा तथा स्वच्छता अभियान, युवा संवाद और जनसंपर्क जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा संकल्प का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
बस्तर से शुरू होगी एक यात्रा, 27 सितंबर को निकलेगी युवा टोली
बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ता 27 सितंबर को यात्रा के लिए रवाना होंगे। दंतेवाड़ा से प्रारंभ होने वाली यह यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद और स्वच्छता अभियान करते हुए रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद 29 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।
राजनांदगांव से कोरबा तक पहुंचेगी एक प्रमुख यात्रा
महाराष्ट्र की ओर से आने वाली एक यात्रा 28 सितंबर को राजनांदगांव जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद दुर्ग, भिलाई और रायपुर होते हुए यह यात्रा बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और कोरबा सहित अन्य जिलों से होकर आगे बढ़ेगी। रायगढ़ और जशपुर होते हुए यात्रा झारखंड की ओर प्रस्थान करेगी। इस मार्ग में विभिन्न स्थानों पर युवा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कबीरधाम से सरगुजा तक एक और रूट
29 सितंबर को मध्य प्रदेश से आने वाली यात्रा चिल्फी घाटी के रास्ते कबीरधाम जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद कवर्धा, पंडरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोरबा से होते हुए यह यात्रा सूरजपुर, अंबिकापुर और बलरामपुर की ओर आगे बढ़ेगी तथा वहां से उत्तर प्रदेश की ओर प्रस्थान करेगी।
एक अक्टूबर को मनेन्द्रगढ़ से भी पहुंचेगी सेवा यात्रा
1 अक्टूबर को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर में एक अन्य यात्रा पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद यह यात्रा मध्य प्रदेश के सीधी जिले की ओर रवाना होगी। इसी दिन शाम को एक और यात्रा मनेन्द्रगढ़ पहुंचेगी, जो कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों से होकर तीन दिनों के प्रवास के बाद उत्तर प्रदेश की ओर आगे बढ़ेगी।
भाजयुमो के अनुसार इस पूरी यात्रा का उद्देश्य केवल बाइक रैली तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा शक्ति को सेवा कार्यों, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित से जोड़ते हुए जनसंवाद का व्यापक अभियान खड़ा करना है। वडनगर से शुरू होकर काशी तक पहुंचने वाली यह यात्रा छत्तीसगढ़ में पांच अलग-अलग मार्गों से गुजरते हुए प्रदेश के अनेक जिलों में युवा कार्यकर्ताओं को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास करेगी।







