‘नमो सेवा की अनकही कहानियों’ ने मंच पर दिखाई बदलते भारत की तस्वीर, जनकल्याण से राष्ट्रवाद तक गूंजा संदेश
1 min read



सेवा संकल्प अभियान में नाटक के जरिए योजनाओं के प्रभाव और गुजरात भूकंप के बाद पुनर्निर्माण की कहानी का जीवंत मंचन, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रस्तुति ने जगाया राष्ट्रभाव
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और राष्ट्रसेवा की विभिन्न तस्वीरों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन तथा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

नाटक में किसान, महिला और सामान्य परिवारों के पात्रों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभाव को संवाद और अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया गया। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं से जुड़े प्रसंगों के साथ छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना के प्रभाव को भी मंच पर दर्शाया गया। प्रस्तुति का उद्देश्य योजनाओं को केवल सरकारी घोषणाओं के रूप में नहीं, बल्कि आम परिवारों के जीवन से जुड़े बदलावों की कहानी के रूप में सामने लाना रहा।
भूकंप की त्रासदी से पुनर्निर्माण तक की कहानी ने खींचा ध्यान
नाट्य प्रस्तुति के दौरान वर्ष 2001 के गुजरात भूकंप की त्रासदी और उसके बाद हुए पुनर्निर्माण के प्रसंग को भी मंचित किया गया। तत्कालीन गुजरात मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से जुड़े पुनर्निर्माण मॉडल को नाटकीय प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखते हुए आपदा के बाद पुनर्वास और विकास की प्रक्रिया को दर्शाया गया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रस्तुति से गूंजा राष्ट्रभाव
कार्यक्रम में जनकल्याण और सुशासन के साथ राष्ट्रसेवा और सैनिकों के सम्मान को भी प्रमुख स्थान दिया गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संदर्भ में भारतीय सैनिकों के साहस और समर्पण को नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक बना दिया और स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने उत्साहपूर्वक कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
भाजपा के इस आयोजन में सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रभावना को एक ही मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास दिखाई दिया। नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों को भावनात्मक कथानक से जोड़ते हुए जनता तक पहुंचाने की कोशिश की गई, वहीं जवान सम्मान और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को अलग आयाम दिया।







