अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सम्मान और विकास पहुंचाने का संकल्प, भाजपा ने पं. दीनदयाल उपाध्याय को किया नमन



अंत्योदय दिवस पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, राष्ट्र और समाज सेवा के उनके विचारों को बताया सदैव प्रेरणादायी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती एवं अंत्योदय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा ने श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें नमन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके विचारों एवं आदर्शों को स्मरण किया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन केवल राजनीतिक विचारधारा तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके विचारों के केंद्र में समाज का वह व्यक्ति था, जो विकास की मुख्यधारा से पीछे छूट गया है। अंत्योदय की उनकी अवधारणा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देती है।
राष्ट्रसेवा और अंत्योदय की विचारधारा आज भी मार्गदर्शक : गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने एकात्म मानववाद के माध्यम से ऐसी विकास दृष्टि सामने रखी, जिसमें व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की परिकल्पना की गई थी।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का विचार आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अवसर और खुशहाली पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों में राष्ट्रहित सर्वोपरि था और उनका जीवन सादगी, सेवा, संगठन तथा राष्ट्र समर्पण का उदाहरण रहा।
गोपाल मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और आदर्श भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शन का आधार हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक विकास और जनकल्याण की भावना पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, समाज सेवा और अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय का समर्पित जीवन आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
विचारों को जीवन में उतारने का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंत्योदय की भावना को मजबूत करते हुए समाज के अंतिम छोर तक सेवा और जनकल्याण की पहुंच सुनिश्चित करना ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के प्रति सच्चा सम्मान है।
कार्यक्रम में रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, डॉ. राजेश राठौर, प्रीति स्वर्णकार पुनिराम साहू, श्रीधर द्विवेदी, मिलाप बरेट , हरेराम साहू, दीनू राय ,प्रकाश अग्रवाल, संजू शर्मा, जुगल पालीवाल, धर्मपाल सोलंकी, दिनेश वैष्णव, श्याम साहू,सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रवादी चिंतन एवं अंत्योदय के संकल्प को नमन किया।







