छत्तीसगढ़ भाजपा को मिला नया संगठनात्मक नेतृत्व, स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू के अनुभव से मिलेगी नई धार : किरण देव



प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जताया आभार, कहा—संगठन को मिलेगा नई ऊर्जा और सक्रियता का संबल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ संगठन के लिए नई जिम्मेदारियां तय करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी तथा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शम्भू को सह प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के इस संगठनात्मक निर्णय का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने स्वागत करते हुए दोनों नेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने इस नियुक्ति के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का यह निर्णय छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक सुदृढ़, सक्रिय और गतिशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नए प्रभारी और सह प्रभारी के मार्गदर्शन से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और सक्रियता को और मजबूती मिलेगी।

किरण देव ने स्मृति ईरानी को अनुभवी एवं कुशल संगठनकर्ता बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में
उनकी भूमिका और व्यापक अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ भाजपा को मिलेगा। उनके मार्गदर्शन से प्रदेश संगठन के कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने में उनका अनुभव उपयोगी साबित होगा।
इसी तरह सिद्धार्थ शम्भू को सह प्रभारी बनाए जाने का स्वागत करते हुए किरण देव ने कहा कि उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली से प्रदेश भाजपा के जमीनी संगठन को और मजबूती मिलेगी। सह प्रभारी के रूप में उनकी भूमिका प्रदेश के विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक समन्वय को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण होगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ता आधारित है और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दी गई नई जिम्मेदारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को और विस्तार देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू के मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन जनकल्याण से जुड़े विषयों को जनता तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने और संगठन के विस्तार को गति देने की दिशा में निरंतर कार्य करेगा।
भाजपा के इस नए संगठनात्मक दायित्व के साथ छत्तीसगढ़ में प्रदेश संगठन की आगामी गतिविधियों पर भी नजरें टिक गई हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त नई टीम के साथ प्रदेश संगठन के समन्वय से आने वाले समय में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को किस तरह नई गति मिलती है, यह महत्वपूर्ण रहेगा।







