मेहनत को मिला प्रशासन का सहारा, चंद्रिका का डॉक्टर बनने का सपना अब और मजबूत



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। आर्थिक परिस्थितियां प्रतिभा की राह में बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से कोरबा जिला प्रशासन द्वारा स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। इसी पहल से पाली विकासखंड की मेधावी छात्रा चंद्रिका कंवर के डॉक्टर बनने के सपने को नई ताकत मिली है।
हायर सेकेंडरी स्कूल चौतमा से कक्षा 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद चंद्रिका ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महासमुंद में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश हासिल किया। चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), कोरबा से उन्हें आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
इसी क्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने चंद्रिका कंवर को 53 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। यह सहयोग उनके डॉक्टर बनने की राह में महत्वपूर्ण संबल साबित होगा।
जिला प्रशासन की यह पहल खनन प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







