ढोल-नगाड़ों के साथ गूंजा जवाली, भक्ति और आस्था के बीच निकली भगवान विश्वकर्मा की भव्य विसर्जन झांकी
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** जवाली। भगवान विश्वकर्मा की भक्ति और आस्था से सराबोर जवाली में विश्वकर्मा विसर्जन झांकी धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। आयोजक अंजोर साय पटेल एवं पुनीता बाई परिवार द्वारा भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य विसर्जन झांकी निकाली गई, जिसमें धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।
झांकी ठाकुर देव चौक से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मोहल्लों एवं प्रमुख मार्गों से होते हुए खोलार नदिया पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा और वातावरण भक्तिमय नजर आया।
इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। विधायक पटेल ने जवाली-सिंघाली मुख्य मार्ग पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आयोजन को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला बताते हुए आयोजक परिवार एवं ग्रामीणों की सराहना की।
विधायक ने आगामी आयोजनों में भी समयानुसार उपस्थित होकर सहभागिता निभाने की सहमति जताई। भव्य विसर्जन झांकी के साथ जवाली में भगवान विश्वकर्मा महोत्सव का समापन श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में हुआ।







