September 19, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम श्री सेजेस तिलकेजा में चित्रकला प्रतियोगिता, बच्चों की कल्पनाशीलता ने बिखेरे रंग
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  तिलकेजा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी-हिन्दी माध्यम विद्यालय तिलकेजा में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों को रंगों के माध्यम से कागज पर जीवंत कर दिया।

 

 

विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जमीन पर बैठकर आकर्षक चित्र बनाए। किसी चित्र में स्वच्छ भारत का संदेश दिखाई दिया तो किसी में पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की पुकार नजर आई। विद्यार्थियों ने ग्रीन इंडिया, स्वच्छता, जल संरक्षण और विकसित भारत जैसे विषयों को अपनी कला का माध्यम बनाकर देश के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना को रंगों में उकेरा।
प्रतियोगिता के पश्चात विद्यार्थियों ने अपने बनाए चित्रों का प्रदर्शन भी किया। रंगों के सुंदर संयोजन और चित्रों के माध्यम से दिए गए सामाजिक संदेशों ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन साव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने वाली ऐसी गतिविधियां केवल कला तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करती हैं।
भाजपा अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलसिंह कंवर ने विद्यार्थियों के चित्रों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में हो रहे विकास कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी विद्यार्थियों को दी तथा उन्हें अपने जीवन में सेवा, स्वच्छता और सकारात्मक सोच को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

 

 

कार्यक्रम में एसएमडीसी सदस्य रामनिरंजन जायसवाल, गजेन्द्र वैष्णव, विद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों के हाथों से निकले ये रंग केवल चित्र नहीं, बल्कि स्वच्छ, हरित और विकसित भारत के प्रति उनकी सोच और संकल्प की अभिव्यक्ति हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस रचनात्मक आयोजन ने विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया। विद्यार्थियों की कला में जहां प्रकृति और स्वच्छता के प्रति जागरूकता दिखाई दी, वहीं उनके चित्रों में विकसित और जिम्मेदार भारत की कल्पना भी साफ नजर आई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.