रंगों में उभरा ‘मेरे सपनों का भारत’, जे.पी. कॉलोनी के नन्हे कलाकारों ने चित्रों में रचा विकसित भारत का सपना
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल जे.पी. कॉलोनी, कोरबा में ‘डिजिटल भारत, विकसित भारत एवं मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और कला-कौशल के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की सुंदर तस्वीरें कैनवास पर उकेरीं।

बच्चों की रंगों से सजी कल्पनाओं में कहीं डिजिटल तकनीक से आगे बढ़ता भारत नजर आया तो कहीं विकास, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के सपनों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्ति मिली। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कला प्रतिभा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में कोरबा नगर पालिक निगम के पूर्व महापौर एवं झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी जोगेश लाम्बा, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, मंडल महामंत्री राम शंकर साहू, मंडल मंत्री विजय गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष शांति यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष परविंदर सिंह, कोरबा मंडल सोशल मीडिया संयोजक सुशील वर्मा, पूर्व पार्षद सुशील गर्ग, वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद युगल कैवर्त्य, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद ईश्वर पटेल सहित भाजपा मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता ही भविष्य के भारत की नई तस्वीर गढ़ने की ताकत है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सकारात्मक सोच, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में जे.पी. कॉलोनी हाई स्कूल, माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला के शिक्षकगणों की भी सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती निमिषा शर्मा, भागीरथी चौहान, व्याख्याता श्रीमती अनीता टंडन, श्रीमती सरस्वती साहू, मिडिल स्कूल प्रधान पाठक श्रीमती लता महंत, प्राइमरी स्कूल प्रधान पाठक श्रीमती कल्पना लहरे, शिक्षक कल्पना साहू, अनुसूईया साहू, बाल गोविंद श्रीवास, वीरेंद्र मनहर, लक्ष्मी बघेल एवं मुकेश दुबे सहित विद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि सेवा संकल्प केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानने, उनकी कल्पनाओं को मंच देने और उन्हें बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करने का भी संकल्प है। जे.पी. कॉलोनी के विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की जो तस्वीर सामने रखी, वह कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।







