नन्हे कदम पहुंचे गणपति दरबार, ‘बप्पा’ ने बच्चों को सिखाई बुद्धि-विवेक और संस्कारों की राह
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स का गणेश उत्सव इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर है। इसी भक्तिमय वातावरण में लिटिल मंचकिन किंडरगार्टन स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने गणपति दरबार में पहुंचकर भगवान श्री गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना एवं आरती में शामिल होकर संस्कृति और संस्कारों की सीख हासिल की।

स्कूल की डायरेक्टर डॉ. कविता तिवारी के निर्देशन तथा प्रिंसिपल पूजा लांबा के नेतृत्व में शिक्षिकाओं के साथ पहुंचे विद्यार्थियों का गणेश उत्सव समिति द्वारा स्वागत किया गया। महानदी कॉम्प्लेक्स परिसर में कमल पुष्प पर विराजमान भगवान श्री गणेश की आकर्षक प्रतिमा बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक भगवान गणेश के दर्शन किए और उत्साह के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति कोरबा के जिला प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बच्चों को भगवान श्री गणेश की महिमा और उनके आदर्शों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक और ज्ञान के अधिष्ठाता देव माने जाते हैं। उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक के कारण ही उन्हें प्रथम पूजनीय माना गया है। विद्यार्थियों के जीवन में भी ज्ञान, अनुशासन, विवेक और अच्छे संस्कारों का विशेष महत्व है। बच्चों को भगवान गणेश के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
गणेश उत्सव स्थल पर बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। पूजा-अर्चना और आरती के दौरान नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी और श्रद्धा ने वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
प्रिंसिपल पूजा लांबा ने कहा कि बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना शिक्षा का उद्देश्य नहीं है। उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं, धार्मिक एवं सामाजिक उत्सवों से जोड़कर व्यावहारिक अनुभव देना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को विभिन्न पर्वों और सांस्कृतिक आयोजनों से परिचित कराया जा रहा है, ताकि बचपन से ही वे अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझें और उसके मूल्यों को आत्मसात करें।

महानदी कॉम्प्लेक्स गणेशोत्सव समिति द्वारा चतुर्थी से भगवान श्री गणेश की कथा का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक, भागवत एवं मानस मर्मज्ञ पंडित देवशरण दुबे प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक भगवान श्री गणेश की महिमा का वर्णन कर रहे हैं। कथा का समापन 23 सितंबर 2026, बुधवार को हवन-पूजन एवं भंडारे के साथ होगा।
गणेश जी की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन एवं आरती पंडित मुकेश पांडे, पंडित संतोष शुक्ला एवं पंडित अभय दुबे द्वारा कराया गया। आयोजन में लिटिल मंचकिन किंडरगार्टन स्कूल की डायरेक्टर डॉ. कविता तिवारी, प्रिंसिपल पूजा लांबा, शिक्षिकाएं अराधना यादव, तोष्मा उपाध्याय, रंजीता चौधरी, नीतू एवं सलोनी सहित सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के जिला प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा तथा निहारिका गणेशोत्सव समिति के प्रभारी संजय अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही।
नन्हे विद्यार्थियों की यह सहभागिता इस संदेश की सुंदर तस्वीर पेश करती नजर आई कि संस्कारों की शिक्षा जितनी छोटी उम्र में शुरू होती है, उसका प्रभाव उतना ही गहरा होता है। गणपति बप्पा के दरबार में पहुंचे इन नन्हे कदमों ने भक्ति के साथ ज्ञान, संस्कृति और संस्कारों की एक यादगार सीख भी अपने साथ ली।







