डिजिटल युवा शक्ति बनेगी जनचेतना की आवाज: कोरबा में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स और यूट्यूबर्स की जिला स्तरीय बैठक 19 सितंबर को
1 min read



माय भारत युवा कार्यक्रम और इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) से जुड़ेंगे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय युवा, लोकतांत्रिक जागरूकता को मिलेगी नई धार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और युवाओं की डिजिटल सक्रियता को जनचेतना के सशक्त माध्यम में बदलने की दिशा में कोरबा जिले में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ तथा मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) को प्रभावी बनाने के लिए जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स और महाविद्यालयीन युवाओं को अभियान से जोड़ने की पहल शुरू की गई है।
इसी कड़ी में 19 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स एवं यूट्यूबर्स युवाओं की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय युवाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी रचनात्मक क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा को जन-जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनमत और जनचेतना निर्माण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। बड़ी संख्या में युवा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी बात समाज तक पहुंचा रहे हैं। ऐसे में उनकी रचनात्मक क्षमता का उपयोग माय भारत युवा कार्यक्रम और इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स और यूट्यूबर्स युवाओं को एक मंच पर लाकर उनके विचारों और अनुभवों को समझने तथा उन्हें जन-जागरूकता की मुहिम से जोड़ने के लिए यह विशेष पहल की जा रही है। युवाओं की भागीदारी से मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े संदेशों को डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा में जोड़ना मजबूत लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सोशल मीडिया की पहुंच और युवाओं की रचनात्मकता का समन्वय जनचेतना अभियान को नई दिशा और व्यापक प्रभाव दे सकता है।
उन्होंने कोरबा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय सभी सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूबर्स एवं युवा साथियों से 19 सितंबर को आयोजित जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक में उपस्थित होकर अपने विचार एवं सुझाव साझा करने की अपील की है।







