75 दीपों की रोशनी में सिमगा स्कूल ने दिया सेवा, संस्कार और संकल्प का संदेश
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, पालकों और ग्रामवासियों ने 75 दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, देश के प्रति उनके योगदान और विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी देते हुए सेवा, राष्ट्रभावना और जिम्मेदारी के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा और सकारात्मक संकल्प की भावना को आगे बढ़ाने वाली पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों की सहभागिता से चित्रकला, भाषण, निबंध सहित विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याता एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मेलन कंवर, दिव्या कुजूर, रुक्मणि पुरैना, रमाकांत कुसरो, उमाकांत टोंडें, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, अनुराधा राठौर, खीकराम यादव, रूपसाय, कमलेश्वर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में उत्साह, एकता और सेवा भावना का वातावरण बना दिया।







