September 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

चौथे छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव में देशभर के 50 से अधिक विशेषज्ञों ने देखीं आधुनिक सर्जिकल तकनीकें, महिला स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए शुरू हुआ स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//  कोरबा, 18 सितंबर 2026। मध्य भारत में कैंसर उपचार के प्रमुख केंद्र बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने स्तन कैंसर के आधुनिक उपचार और पुनर्निर्माण सर्जरी के क्षेत्र में विशेषज्ञों के बीच ज्ञान एवं तकनीक के आदान-प्रदान को नई दिशा दी। रायपुर में आयोजित चौथे वार्षिक छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव का शुभारंभ स्तन संरक्षण एवं स्तन पुनर्निर्माण की लाइव सर्जिकल डेमोन्स्ट्रेशन के साथ हुआ। देशभर से पहुंचे 50 से अधिक सर्जन एवं चिकित्सकों ने आधुनिक सर्जिकल तकनीकों को प्रत्यक्ष देखा और स्तन कैंसर के उपचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों के साथ चर्चा की।
लाइव सर्जिकल डेमोन्स्ट्रेशन का नेतृत्व मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल की सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शलाका जोशी, प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण सर्जन डॉ. दुष्यंत जायसवाल तथा कोलकाता स्थित टाटा मेडिकल सेंटर के वरिष्ठ स्तन कैंसर सर्जन डॉ. संजीत कुमार अग्रवाल ने किया।
डेमोन्स्ट्रेशन में स्तन संरक्षण सर्जरी की प्रक्रिया को विस्तार से प्रदर्शित किया गया। इसमें ट्यूमर के साथ उसके आसपास के कुछ स्वस्थ ऊतक को हटाते हुए स्तन के अधिकांश हिस्से को सुरक्षित रखने की तकनीक दिखाई गई। कैंसर सर्जरी के साथ प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण सर्जरी की तकनीकों के समन्वय से बचे हुए स्तन ऊतक को व्यवस्थित कर उसके आकार एवं स्वरूप को यथासंभव बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
आयोजन का उद्देश्य केवल आधुनिक सर्जिकल तकनीकों का प्रदर्शन करना ही नहीं, बल्कि विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच अनुभव, ज्ञान और उपचार पद्धतियों का आदान-प्रदान करना भी रहा। सर्जिकल योजना, उपलब्ध उपचार विकल्पों तथा मरीज-केंद्रित निर्णयों को लेकर विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

 

शुरुआती पहचान और समय पर उपचार पर जोर
स्तन कैंसर के बढ़ते मामलों के संदर्भ में डॉ. शलाका जोशी ने जागरूकता, शुरुआती पहचान, सही निदान और समय पर उपचार को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं बीमारी के बाद के चरणों में उपचार के लिए पहुंचती हैं, जिससे उपचार अधिक जटिल हो सकता है। उन्होंने मरीजों के आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की क्षमता मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बीएमसी का छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव जैसे मंच चिकित्सकों को आधुनिक तकनीकों को प्रत्यक्ष देखने, जटिल मामलों पर चर्चा करने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।
उपचार के साथ जीवन की गुणवत्ता पर भी फोकस
लाइव डेमोन्स्ट्रेशन में स्तन पुनर्निर्माण सर्जरी की भूमिका भी प्रमुखता से सामने आई। बालको मेडिकल सेंटर की कंसल्टेंट, प्लास्टिक, पुनर्निर्माण एवं एस्थेटिक सर्जन डॉ. इशिता कात्याल ने कहा कि कैंसर उपचार का उद्देश्य बीमारी को नियंत्रित करने के साथ मरीज की जीवन गुणवत्ता को बनाए रखना भी है। उन्होंने बताया कि स्तन पुनर्निर्माण के माध्यम से प्राकृतिक स्वरूप और शरीर के संतुलन को यथासंभव बनाए रखने का प्रयास किया जाता है, जिससे मरीज उपचार के बाद आत्मविश्वास के साथ सामान्य जीवन की ओर बढ़ सकें।
बीएमसी में शुरू हुआ स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक
कॉन्क्लेव के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बालको मेडिकल सेंटर में स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक का शुभारंभ किया। महिला विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के नेतृत्व में संचालित यह क्लिनिक स्तन स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
क्लिनिक में स्तन स्वास्थ्य प्रबंधन, कैंसर उपचार, स्तन पुनर्निर्माण और कॉस्मेटिक ब्रेस्ट सर्जरी जैसी सेवाओं को विशेषज्ञ परामर्श के साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है।
सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल एवं पूर्व महानिदेशक, सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाएँ सर्जन आरती सरीन ने शुरुआती पहचान और समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि व्यापक स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक के माध्यम से रोकथाम, नियमित जांच, शुरुआती निदान, समय पर उपचार और पुनर्निर्माण के साथ पोषण, फिजियोथेरेपी एवं लिम्फेडेमा प्रबंधन जैसी सहायक सेवाओं को भी एकीकृत किया जा सकता है।
निदान से स्वस्थ होने तक उपचार यात्रा को मजबूत करने की पहल
बालको मेडिकल सेंटर की मेडिकल डायरेक्टर एवं वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं को एक साथ लाने का उद्देश्य मध्य भारत में कैंसर उपचार की निरंतरता को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि मरीजों को निदान और उपचार से लेकर स्वस्थ होने तक की पूरी उपचार यात्रा में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
चौथा वार्षिक छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव बीएमसी की विशेषज्ञ चिकित्सकीय सहयोग, निरंतर सीखने और कैंसर उपचार की क्षमताओं को मजबूत करने की पहल को सामने लाता है। देश के अग्रणी विशेषज्ञों और क्षेत्रीय चिकित्सकों को एक मंच पर लाकर आयोजित यह कॉन्क्लेव आधुनिक उपचार तकनीकों, विशेषज्ञ अनुभवों और मरीज-केंद्रित देखभाल के बीच बेहतर समन्वय का अवसर प्रदान कर रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.