अम्बिकापुर में सजेगा अग्रवाल समाज का ‘अग्र महाकुंभ’, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे 10वें अग्र अलंकरण समारोह का शुभारंभ
1 min read



19-20 सितंबर को सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का विराट संगम; देशभर से जुटेंगे अग्रबंधु, 18 विशिष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ की सरजमीं पर अग्रवाल समाज की सामाजिक एकता, सेवा भावना, संगठनात्मक शक्ति और प्रतिभा का भव्य संगम होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में 10वां अग्र अलंकरण समारोह ‘अग्र महाकुंभ 2026—सेवा, शक्ति और सामर्थ्य’ आगामी 19 एवं 20 सितंबर 2026 को अम्बिकापुर में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कर-कमलों से होगा। समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल करेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमेन अशोक मोदी ने बताया कि यह आयोजन अग्रवाल समाज के लिए केवल एक समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता, सेवा भावना और संगठनात्मक सामर्थ्य का विराट मंच होगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से संगठन के पदाधिकारी, सदस्य एवं अग्रबंधु बड़ी संख्या में अम्बिकापुर पहुंचेंगे। इसके साथ ही देशभर से अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियां भी समारोह में शामिल होंगी।
समारोह में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा संगठन के संरक्षक राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल तथा बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक संपत अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
महिला शक्ति से युवा सामर्थ्य तक, हर वर्ग की होगी भागीदारी
दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों की विविध श्रृंखला आयोजित की जाएगी। महिला सत्र और युवा सत्र के माध्यम से समाज में महिलाओं एवं युवाओं की भूमिका, सहभागिता, नेतृत्व और सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में देश के प्रख्यात कवियों की सहभागिता से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जो समारोह में साहित्य और संस्कृति का रंग भरने के साथ उपस्थित अग्रबंधुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
18 विशिष्ट प्रतिभाओं का होगा अग्र अलंकरण
‘अग्र महाकुंभ 2026’ का सबसे प्रमुख आकर्षण अग्र अलंकरण सम्मान समारोह होगा। समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले 18 विशिष्ट प्रतिभागियों एवं प्रतिभाओं को उनके कार्य, उपलब्धियों और योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समाज की प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
अम्बिकापुर बनेगा सामाजिक एकता और संगठन शक्ति का केंद्र
अशोक मोदी ने बताया कि 10वें अग्र अलंकरण समारोह का आयोजन अग्रवाल सभा, अम्बिकापुर एवं संभागीय अग्रवाल महासभा, सरगुजा के आतिथ्य एवं सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है। दो दिनों तक अम्बिकापुर में देश और प्रदेश के अग्रवाल समाज की सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और संगठनात्मक शक्ति का व्यापक स्वरूप देखने को मिलेगा।
चेयरमेन अशोक मोदी ने देशभर के अग्रवाल समाज, विभिन्न अग्रवाल सभाओं एवं संगठनों से जुड़े सभी अग्रबंधुओं से आग्रह किया है कि वे 19 एवं 20 सितंबर को सपरिवार अम्बिकापुर पहुंचकर इस भव्य आयोजन में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि अग्र महाकुंभ समाज की एकता, सहभागिता और सामूहिक शक्ति का परिचय देने का अवसर है। अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने और आयोजन समिति का मनोबल बढ़ाने की अपील की गई है।







