वडनगर से काशी तक गूंजेगा सेवा संकल्प का संदेश, छत्तीसगढ़ से 60 युवा लेकर निकली भाजयुमो की बाइक यात्रा
1 min read



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा सफर को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा ने एक अनूठी बाइक यात्रा की शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ से 60 युवाओं का दल प्रधानमंत्री के जन्मस्थल वडनगर से उनके कर्मस्थल काशी को जोड़ने वाली इस प्रेरक यात्रा पर रवाना हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा प्रदेश कार्यालय से बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित यह यात्रा युवाओं में सेवा, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं। हर वर्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाता है। इस वर्ष प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा संकल्प को विशेष रूप से केंद्र में रखते हुए देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
काशी में होगा विशेष धार्मिक आयोजन
बाइक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव 17 सितंबर को काशी होगा, जहां 10 पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और उनके सेवा संकल्प के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का प्रतीक होगा।
बताया गया कि यात्रा लगभग 20 दिनों तक जारी रहेगी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर को वडनगर पहुंचेगी। वडनगर और काशी जैसे प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े दो महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ने वाली यह यात्रा युवाओं के लिए सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा का माध्यम बनेगी।
भाजयुमो की इस पहल में छत्तीसगढ़ के युवाओं की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। बाइक यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री के विचारों, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को युवाओं के बीच पहुंचाने के साथ ही समाज में सकारात्मक भागीदारी का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, श्रम आयोग अध्यक्ष रामप्रताप सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







