September 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने दर्री पहुंचकर खरीदे मिट्टी के दीये, बोले—हर घर का एक दीप बनेगा सेवा, विश्वास और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा, 15 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान, स्नेह और आभार व्यक्त करने के लिए 17 सितंबर की शाम कोरबा में जनभागीदारी का अनूठा दृश्य देखने को मिलेगा। शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर नागरिक प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करेंगे।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को दर्री मुख्य मार्ग पहुंचकर मिट्टी के दीये खरीदे। मंत्री का यह कदम स्वयं मिट्टी का दीया खरीदने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने आम नागरिकों से भी 17 सितंबर की शाम अपने घर-आंगन में एक दीप जलाकर इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

 

मंत्री देवांगन ने कहा कि माटी का छोटा-सा दीपक केवल तेल और बाती से जलने वाला दीप नहीं है, बल्कि इसमें जनभावनाओं का उजाला समाया है। करोड़ों देशवासियों के विश्वास, स्नेह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा समर्पण के प्रति आभार को यह दीप प्रतीकात्मक रूप से व्यक्त करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और समाज की सेवा को समर्पित किए हैं। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई गति हासिल की है। ऐसे में 17 सितंबर को जलने वाला प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ जनभावना और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का प्रतीक बनेगा।
एक दीप से हजारों दीपों तक, बनेगा जनभावनाओं का प्रकाश
मंत्री ने कहा कि जब 17 सितंबर की शाम कोरबा सहित देशभर के घरों में एक साथ दीप जलेंगे, तो अलग-अलग घरों में जलने वाली छोटी-छोटी रोशनियां मिलकर एक बड़े जनप्रकाश का रूप लेंगी। यह प्रकाश सेवा, सुशासन, विश्वास और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का संदेश देगा।
उन्होंने कोरबा के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम अपने घर-आंगन में कम से कम एक दीया अवश्य जलाएं। यह दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति स्नेह, उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति आभार और विकसित भारत के संकल्प में अपने विश्वास का प्रतीक बने।
सेवा संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल
लखन लाल देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सेवा की भावना को जनभागीदारी से जोड़ना है। समाज का प्रत्येक वर्ग जब अपनी सहभागिता के साथ इस अभियान से जुड़ेगा, तभी सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की भावना और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कोरबा की जनता से बड़ी संख्या में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर इस अवसर को यादगार बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मिट्टी का यह दीप आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देने वाला बने, यही इस अभियान की भावना है।
इस अवसर पर प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, तुलसी ठाकुर, पार्षद मुकुंद कंवर, भूपेंद्र साहू, भुवनेश्वर दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.