September 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  कोरबा। जिला अस्पताल परिसर में उस वक्त कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, जब शव विच्छेदन केंद्र के पास निर्माणाधीन स्थल पर करीब 5 फीट लंबा भारतीय नाग दिखाई दिया। लोगों ने सांप को देखते ही दूरी बना ली। खतरा भांपकर कर्मचारियों ने उसे पकड़ने या भगाने के बजाय तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
बताया गया कि लोगों की हलचल के बीच नाग पानी के अंदर जाकर छिप गया, जिससे उसका रेस्क्यू और चुनौतीपूर्ण हो गया। सुपरवाइजर देव यादव ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख एवं वन विभाग सदस्य जितेंद्र सारथी को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

 

काफी सावधानी और अनुभव के साथ टीम ने पानी के अंदर छिपे नाग को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ देर की मशक्कत के बाद करीब 5 फीट लंबे भारतीय नाग का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। सांप को सुरक्षित रखने के बाद उसे उसके प्राकृतिक रहवास वाले जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू पूरा होने पर अस्पताल कर्मचारियों और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
सांप दिखे तो न बनें ‘रेस्क्यू एक्सपर्ट’, सुरक्षित दूरी ही सबसे बड़ा बचाव
रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि घर, अस्पताल, निर्माण स्थल या आसपास कहीं भी सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए वन विभाग अथवा अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
उन्होंने कहा कि सांप पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है। समय पर सूचना मिलने और सावधानी बरतने से इंसान और वन्यजीव, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। इस रेस्क्यू अभियान में भी कर्मचारियों की सतर्कता और टीम की तत्परता से एक ओर लोगों को संभावित खतरे से बचाया गया, वहीं नाग की जान भी सुरक्षित रही।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.