भर्ती घोटालों से विदेशों तक ‘भ्रष्टाचार का नेटवर्क’! भाजपा का कांग्रेस पर बड़ा हमला, श्रीवास बोले—राहुल गांधी जवाब दें
1 min read



भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास का आरोप—कांग्रेस नेता-मंत्री ‘भर्ती माफिया’ बनकर युवाओं के भविष्य से कर रहे खिलवाड़, उत्तराखंड के मामले में पूर्व सीएम हरीश रावत से भी जवाबदेही की मांग
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने भर्ती घोटालों, कथित भ्रष्टाचार और विदेशों में निवेश को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक तरफ राहुल गांधी के माध्यम से देशभर में ‘मोहब्बत की दुकान’, संविधान और छात्र हित की बातें करती है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस शासित राज्यों में उसके नेता और मंत्री कथित तौर पर भर्ती माफिया बनकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
श्रीवास ने उत्तराखंड में वर्ष 2016 के कांग्रेस शासनकाल के दौरान सामने आए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती घोटाले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सुरक्षित ओएमआर शीट को निजी एजेंसी को सौंपने और खाली सीटों को भरने जैसी गड़बड़ियों के जरिए लाखों युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया गया। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के बजाय यदि कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का खेल चलता है तो इसका सबसे बड़ा नुकसान मेहनत करने वाले छात्रों को उठाना पड़ता है।
भाजपा प्रवक्ता ने 10 सितंबर को प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तत्कालीन ओएसडी चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा भारी मात्रा में नकदी, सोना और महंगी घड़ियां बरामद हुईं। उन्होंने कहा कि बरामदगी के बाद रकम को कांग्रेस का चंदा बताया जा रहा है। श्रीवास ने मांग की कि यदि यह वास्तव में पार्टी का चंदा है तो संबंधित आधिकारिक बैंक खातों की जांच कर यह सार्वजनिक किया जाए कि पैसा किस मद से आया, किसने दिया और उसका आयकर विवरण क्या है।

श्रीवास ने आरोप लगाया कि इतने बड़े स्तर पर कथित भर्ती घोटाले को तत्कालीन मुख्यमंत्री के संरक्षण के बिना अंजाम देना संभव नहीं था। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से भी जवाबदेही तय करने और जांच एजेंसियों से मामले की पूरी कड़ियां खंगालने की मांग की। साथ ही राहुल गांधी की कथित चुप्पी पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने पूछा कि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले पर देश के सामने अपना पक्ष क्यों नहीं रख रहा है।
कर्नाटक से विदेशों में निवेश तक भाजपा ने उठाए सवाल
श्रीवास ने कांग्रेस के कथित भ्रष्टाचार के दायरे को कर्नाटक तक जोड़ते हुए राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली और उनके परिवार से संबंधित बताए जा रहे विदेशी निवेश का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि ईडी की कार्रवाई में मिले दस्तावेजों के आधार पर कांगो की गोल्ड माइनिंग कंपनी मैग्नीट्यूड स्टार आरएसएल में सतीश जारकीहोली की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी सामने आई है। उन्होंने जाम्बिया की कंपनियों में भी निवेश के कथित प्रमाण मिलने का दावा किया।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विदेशी निवेश से जुड़े दस्तावेजों में जारकीहोली की सांसद बेटी प्रियंका जारकीहोली, बेटे राहुल और बहन महादेवी के नाम भी सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु और बेलगावी में 21 ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान करीब 3.30 करोड़ रुपये की अघोषित नकदी तथा लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद होने का दावा किया गया है। श्रीवास ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से भी स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
एनएच-74 मामले को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
श्रीवास ने उत्तराखंड के एनएच-74 भूमि अधिग्रहण मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि किसानों के खातों से करीब 5 करोड़ रुपये कांग्रेस के चुनावी खाते में ट्रांसफर किए जाने के प्रमाण जांच एजेंसी की कार्रवाई में सामने आए हैं। उन्होंने कांग्रेस के चुनावी खातों, कथित चंदा देने वालों के नाम और संबंधित आयकर रिटर्न की जांच एवं सार्वजनिक करने की मांग की।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की कथित राजनीति में एक तरफ ‘मोहब्बत की दुकान’ का नारा दिया जाता है, तो दूसरी तरफ जांच के घेरे में आए मामलों में विदेशों में निवेश और सोने की खदानों तक के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों का जवाब केवल राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि दस्तावेजों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर दिया जाना चाहिए।
छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार भी निशाने पर
श्रीवास ने छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों और भ्रष्टाचार के मामलों में कई अधिकारी जांच और कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब दर्जनभर अधिकारी आज केंद्रीय जेल में बंद हैं। भाजपा प्रवक्ता ने इसे युवाओं के साथ विश्वासघात बताते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को व्यवस्था पर भरोसा चाहिए, न कि कथित घोटालों और अनियमितताओं की खबरें।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि कर्नाटक, उत्तराखंड और तेलंगाना सहित जिन राज्यों में भाजपा भ्रष्टाचार और कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप उठा रही है, उन पर कांग्रेस नेतृत्व देश के सामने स्पष्ट जवाब क्यों नहीं देता।
श्रीवास ने कहा कि भाजपा की मांग किसी व्यक्ति या दल के खिलाफ राजनीतिक कार्रवाई की नहीं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की है। उन्होंने जांच एजेंसियों से कथित भर्ती घोटालों, संपत्तियों, विदेशी निवेश, चुनावी चंदे और धन के लेन-देन की पूरी कड़ी की जांच करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व स्वयं को पाक-साफ मानता है तो उसे सामने आकर सभी आरोपों पर तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया सह संयोजक प्रवीण साहू भी मौजूद रहे।







