अपराधियों की शरणस्थली बन गई कांग्रेस, बड़े नेताओं के संरक्षण में पनप रहे असामाजिक तत्व : राहुल टिकरिहा
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस और उसके आनुषंगिक संगठनों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि “राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का कांग्रेसीकरण” कांग्रेस की राजनीतिक पहचान बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध, धोखाधड़ी, अराजकता और अन्य आपराधिक मामलों में कांग्रेस तथा उसके सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के नाम लगातार सामने आ रहे हैं।
टिकरिहा ने अंबिकापुर की महाविद्यालयीन छात्रा अन्तरा शाह की आत्महत्या के मामले में एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े असामाजिक तत्वों को बड़े कांग्रेसी नेताओं का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और कार्रवाई होने पर कांग्रेस का तंत्र उन्हें बचाने तथा मामलों को राजनीतिक रंग देने में जुट जाता है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि क्या अपराधियों को संरक्षण देना और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों को आगे करना ही उसकी राजनीति रह गई है? उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस की हताशा बढ़ गई है और वह राजनीतिक संरक्षण के जरिए प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। टिकरिहा ने कांग्रेस से अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की आपराधिक गतिविधियों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।







