बिलासपुर से उठी सतनामी समाज के राष्ट्रीय विस्तार की नई पहल, संगठन को मजबूत करने बनी व्यापक रणनीति
1 min read



अखिल भारतीय सतनामी महासभा की जिला स्तरीय बैठक में सदस्यता अभियान, कोर कमेटी और प्रदेशभर में संगठन विस्तार पर मंथन; 7 लोगों ने ग्रहण की आजीवन सदस्यता
अखिल भारतीय सतनामी महासभा की जिला स्तरीय बैठक
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** बिलासपुर। अखिल भारतीय सतनामी महासभा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत एवं संगठित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 13 सितंबर 2026 को महंत बाड़ा, बिलासपुर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ राजमहंत दशेराम खांडे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने विस्तार से चर्चा की।
बैठक का आयोजन जिला प्रभारी राजमहंत राजनारायण निराला एवं सहयोगी जिला महंत टीकम सिंह की अगुवाई में किया गया। इस दौरान महासभा के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार के साथ अन्य राज्यों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, बिलासपुर में केंद्रीय मुख्यालय के गठन तथा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में संगठन का विस्तार करने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान को गति देने, विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां तय करने तथा कोर कमेटी के गठन को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने महासभा द्वारा अब तक किए गए कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ राजमहंत दशेराम खांडे ने संगठन के विस्तार को समय की आवश्यकता बताते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को महासभा से जोड़ने और संगठनात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में राष्ट्रीय कार्यसमिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों के दिल्ली और हरियाणा के गुड़गांव प्रवास के संबंध में भी जानकारी दी गई, जहां राष्ट्रीय स्तर पर संगठन विस्तार को लेकर गतिविधियां संचालित की गईं।
बैठक में राष्ट्रीय सचिव राजमहंत जे.पी. कोशले, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजमहंत लालचन्द्र मोहले, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य राजमहंत पंडित भुलाऊं राम कुर्रे, राजमहंत राजनारायण निराला, जिला महंत सुखीराम अनंत, गंगाराम लहरे, जिला महंत टीकम सिंह, अधिवक्ता दिनेश लहरे, कोमल कुर्रे, भंडारी कमल टंडन, डी.बी. टंडन, राजकुमार बंजारे, गज्जूराम आगरे, कमल प्रसाद टंडन, राजकुमार रात्रे, अजय बंजारे, जगन्नाथ प्रसाद लहरे, पंडित अलखराम गेंदले, अधिवक्ता आर. मनीष, रामकुमार पाटले सहित समाज के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
संगठन विस्तार को मिला नया संबल, 7 ने ली आजीवन सदस्यता
बैठक के दौरान महासभा के संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। रामकुमार बंजारे, गज्जूराम आगरे, कमल प्रसाद टंडन, राजकुमार रात्रे, अजय बंजारे, जगन्नाथ प्रसाद लहरे एवं पंडित अलखराम गेंदले ने अखिल भारतीय सतनामी महासभा की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए पदाधिकारियों ने उनसे संगठन के विस्तार और समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की।
माह के अंत तक तैयार होगी जिला टीम
बैठक के दौरान जिला प्रभारी बिलासपुर एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य राजमहंत राजनारायण निराला ने जानकारी दी कि बिलासपुर जिले में संगठन को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए इस माह के अंत तक जिला टीम तैयार कर ली जाएगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार की गतिविधियों को और गति देने की योजना है।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संगठन की मजबूती के लिए व्यापक जनसंपर्क, सक्रिय सदस्यता और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक को महासभा के आगामी संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







